हिसार। दिल्ली मार्ग पर कर्मचारियों के साथ हुए झगड़े के बाद होटल कुबेर पर फायरिंग की गई थी। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने सोमवार को पकड़े गए चारों आरोपियों शांत विहार कॉलोनी निवासी सौरभ, न्यू मॉडल टाउन निवासी अमरदीप, प्रदीप कुमार और श्याम बिहार कॉलोनी निवासी आकाश को मंगलवार को अदालत में पेश किया। जहां से चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी सौरभ से एक अवैध पिस्तौल बरामद की है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।
जांच अधिकारी उप निरीक्षक अजय कुमार ने बताया कि आरोपियों ने आपसी झगड़े में कुबेर होटल के शीशे पर अमरदीप ने गोली चलाई थी। पूछताछ के दौरान सौरभ से वारदात में प्रयोग अवैध पिस्तौल बरामद किया है। उन्होंने बताया कि 29 दिसंबर को पुलिस कंट्रोल रूम में कुबेर होटल पर गोली चलने की सूचना प्राप्त हुई।
पुलिस को दी गई शिकायत में कुबेर होटल के कर्मचारी कोथकलां निवासी सोनू ने बताया था कि वारदात वाली रात में वह होटल पर अनूप और मंजीत के साथ मौजूद था। इसी दौरान झगड़े की आवाज सुनाई दी। जिस पर सभी नीचे गए और देखा कि गली में झगड़ा हो रहा था।
झगड़े में शामिल दो युवक उज्जैन होटल के कर्मचारी थे उन के साथ चार-पांच युवक झगड़ा कर रहे थे। वहां पर बीच बचाव किया और वापस होटल पर आ गए। थोड़ी देर बाद हमला करने वाले युवक होटल के बाहर आए। एक युवक ने होटल के शीशे पर पांच राउंड फायर किए। गोलियां पास से गुजरी थीं। कुछ युवकों ने होटल पर पथराव भी किया था। पुलिस की गाड़ी का सायरन सुनने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे। उक्त मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।