हांसी। जो काम छह महीने में नहीं हुआ अब वह तीन दिन में कैसे होगा। आपकी नीयत नहीं है काम करने की। प्रदेश के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने शनिवार को जिला परिवेदना समिति की बैठक में अग्रसेन कॉलोनी निवासी प्रवेश जांगड़ा की पेयजल और सीवरेज संबंधी शिकायत की सुनवाई के दौरान जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन संजीव त्यागी को यह कहते हुए लताड़ लगाई।
एक्सईएन ने तर्क दिया कि बरसात आ गई थी अब देरी नहीं होगी। इस पर मंत्री ने दो टूक कहा कि तीन दिन में काम नहीं हुआ तो एक्सईएन, एसडीओ व जेई के वेतन से 20 प्रतिशत कटौती की जाएगी।
प्रदेश के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा की अध्यक्षता में शनिवार को एसडी महिला महाविद्यालय के सभागार में जिला परिवेदना समिति की बैठक हुई। बैठक में 12 जनपरिवाद रखे गए जिनमें से 10 का मौके पर ही समाधान किया गया। दो मामलों में संबंधित अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इनमें तीन-तीन शिकायतें पुलिस और जनस्वास्थ्य विभाग से संबंधित थीं।
मंत्री ने शिकायतकर्ता को मोबाइल नंबर देकर मांगी कार्य की प्रगति रिपोर्ट :
अग्रसेन कॉलोनी निवासी प्रवेश जांगड़ा ने बताया कि कॉलोनी में नई पेयजल लाइन बिछने के बावजूद डेढ़ वर्ष से कनेक्शन नहीं जोड़ा गया है। विधायक ने भी शिकायत को उचित बताते हुए कहा कि वह समाधान के लिए एक्सईएन को पहले ही कह चुके हैं। बाद में शिकायतकर्ता ने बताया कि कनेक्शन वाली जगह पर भवन निर्माण चल रहा है। इस पर मंत्री ने कहा कि यदि विभाग को अधिक समय चाहिए तो लिया जा सकता है। एक्सईएन ने 20 दिन का समय मांगा। मंत्री ने शिकायतकर्ता को अपना निजी मोबाइल नंबर भी देते हुए कार्य की प्रगति पर रिपोर्ट देने के लिए कहा।सीवरेज समस्या पर अधिकारियों ने बताया कि एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय की स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
बैठक में इन मामलों की भी हुई सुनवाई
-ढाणी पुरिया ग्राम पंचायत की ओर से बरसाती नाले से संबंधित शिकायत पर कैबिनेट मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य में कुछ लोग बाधा डाल रहे हैं। मंत्री ने ग्रामीणों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
-ग्राम पंचायत घिराय की पेयजल समस्या को लेकर रखी गई शिकायत पर कैबिनेट मंत्री ने विभाग के अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि गांव में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए परियोजना का टेंडर अलॉट हो चुका है व जल्द ही निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
-सुल्तानपुर गांव निवासी संदीप की मारपीट से संबंधित शिकायत पर कैबिनेट मंत्री ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला परिवेदना समिति के दो सदस्यों को कमेटी में शामिल कर मामले की दोबारा जांच करवाना सुनिश्चित किया जाए।
- सिंघवा राघो के राजकुमार की फसल बीमा की राशि नहीं मिलने पर कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल खराबे की बीमा राशि उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए।
-माजरा गांव के निवासियों की 100-100 वर्ग गज के प्लॉट उपलब्ध करवाने की शिकायत पर एसडीएम नारनौंद को जांच कर कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कार्रवाई नहीं होती इसलिए नहीं आया बैठक में
गांव भाटोल रांगड़ान में कन्या पाठशाला व पीएम श्री स्कूल के समीप नशा बिकने की गांव के सरपंच देवेंद्र लांबा ने शिकायत की लेकिन वह बैठक में नहीं आए। उन्होंने कहा कि कोई कार्रवाई नहीं होती इसलिए वह नहीं पहुंचे।