नागरिक अस्पताल में मरीजों की जांच करते हुए डॉ कामिद मोंगा।
हांसी। दिन व रात के तापमान में फिलहाल 22 डिग्री का अंतर है जिससे लोगों की सेहत बिगड़ रही है। नागरिक अस्पताल में उल्टी, दस्त, खांसी, जुकाम जैसी बीमारियों के मरीज बढ़ गए हैं। वहीं गेहूं की फसल की कटाई के चलते अब एलर्जी व दमा के मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है।
अभी दिन का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है। जिससे लोग गर्मी की चपेट में आ रहे हैं। जिसके चलते डायरिया जैसे बीमारियों के मामले आने शुरू हो गए हैं। वहीं रात के समय तापमान कम होने के कारण खांसी, जुकाम, शरीर में दर्द, थकान जैसे मरीजों की संख्या बढ़ी है। फिलहाल रात के समय तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है।
अस्पताल में बीते चार दिनों से प्रतिदिन करीब 150 मरीज गर्मी से प्रभावित, डायरिया, खांसी व जुकाम के आ रहे हैं। वहीं अस्पताल के जनरल वार्ड में भी मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
जनरल वार्ड में करीब 12 मरीज दाखिल हैं। अस्पताल की ओपीडी में सुबह से उपचार करवाने के लिए भीड़ जुटनी शुरू हो जाती है। प्रतिदिन करीब 300 से अधिक मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं। नागरिक अस्पताल के चिकित्सक डॉ. कामिद मोंगा ने बताया कि गर्मी में तरल पदार्थों का अधिक सेवन करें। तले हुए और मसालेदार खाना खाने से परहेज करें। बासी खाने का प्रयोग न करें। खानपान खराब होने पर डायरिया का खतरा हो जाता है।