बालसमंद (हिसार)। पूरे हरियाणा में सितंबर माह के राशन वितरण का समय अब 8 अक्तूबर तक बढ़ा दिया गया है। पिछले महीने हिसार के 50 प्रतिशत मशीनों पर राशन डाटा देरी से अपलोड होने के कारण केवल महीने के अंतिम तीन दिन ही वितरण किया जा सका। यह मुद्दा अमर उजाला में प्रमुखता से छपा था।
राशन डिपो होल्डर दीपक, अनूप, हनुमान, ईश्वर, जयबीर, जयपाल और कुलदीप ने बताया कि विभाग की तरफ से सितंबर माह का राशन वितरण डाटा तीन दिन पहले ही मशीनों में अपडेट हुआ। इसके बाद गांवों की राशन दुकानों से वितरण शुरू हुआ। एक राशन कार्ड लाभार्थी को 5 से 10 मिनट में राशन मिलता है, इसलिए देरी के कारण हजारों लोग वंचित रह गए थे। अब अतिरिक्त समय मिलने से सभी लाभार्थियों को राशन दिया जाएगा।
-
30 की रात लंबी कतारे लगीं
30 सितंबर की रात बालसमंद क्षेत्र के आर्यनगर, रावलवास कलां, रावलवास खुर्द, भिवानी रोहिल्ला, बालसमंद, सीसवाला और सुंडावास सहित अन्य क्षेत्रों में राशन डिपो दुकानों पर लंबी कतारे लगी थीं। रात करीब 10 बजे सीसवाला के डिपो पर 100 से अधिक उपभोक्ता खड़े थे। राशन लेने आए संजय, नरेंद्र, संदीप, राजकुमार, रेवती, सुमन, राजबाला, रानी आदि ने बताया कि इस बार वितरण तीन दिन पहले शुरू हुआ था।
-
इस बार तकनीकी कारणों से राशन डिपो की मशीनों पर राशन डाटा लेट अपडेट हुआ। इसके कारण राशन वितरण कार्य देरी से शुरू हुआ। हमने विभाग की तरफ से उच्च अधिकारियों को सितंबर माह के राशन वितरण की तारीख बढ़वाने के लिए पत्र लिखा जिस पर 8 अक्तूबर तक का अतिरिक्त समय मिला है।
- कृष्ण कुमार, इंस्पेक्टर, खाद्य आपूर्ति विभाग हिसार।