निर्माण कार्य देखते रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी सेक्टर-33 के प्रधान धर्मवीर पानू। स्रोत : स्वयं
- फोटो : निर्माण कार्य देखते रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी सेक्टर-33 के प्रधान धर्मवीर पानू। स्रोत : स्वयं
हिसार। रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटी सेक्टर-33 के प्रधान धर्मवीर पानू ने सोमवार को कार्यकारिणी सदस्यों के साथ सेक्टर-33 के ई-ब्लॉक स्थित पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क के निर्माण कार्य में मिलीं खामियों को सुधारने के निर्देश ठेकेदार को दिए।
प्रधान धर्मवीर पानू ने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सरकार से स्वीकृत निविदा एवं निर्धारित मानकों के अनुसार ही सेक्टर-33 के सभी पार्कों का निर्माण कार्य होना चाहिए। किसी भी प्रकार की अनियमितता या कोताही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्य की नियमित निगरानी के लिए हरियाणा शहरी विकास विभाग (एचएसवीपी) के अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।
इस दौरान स्थानीय निवासियों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव कार्यकारिणी के समक्ष रखे। सभी शिकायतों को सुनकर प्रधान ने ठेकेदार को समाधान के निर्देश दिए। ठेकेदार ने सभी कमियों को शीघ्र दूर करने और निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न होने देने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर कार्यकारिणी सदस्य अशोक भूटानी, डॉ. सुरेंद्र बिश्नोई, धर्मपाल कसवा, सुनील कड़वासरा, राजेंद्र सपरा, रामचंद्र सहारन, संदीप गोयल, सुभाष आर्य आदि मौजूद रहे।