हिसार। भीषण गर्मी में बिजली निगम के सब स्टेशन ओवरलोड होकर खराब हो रहे हैं। इनको बचाने के लिए बिजली निगम की ओर से हर एक से दो घंटे के बाद कट लगाए जा रहे हैं। उमस भरी गर्मी में घरेलू क्षेत्र में बिजली की मांग चरम सीमा पर चल रही है। बिजली निगम के 33 केवी क्षमता के 8 सब स्टेशन सोमवार को ब्रेक डाउन हुए। जिनके चलते उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली कटौती सहनी पड़ी।
सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री था लेकिन उमस अधिक होने के चलते लोग बेहाल रहे। उमस भरी गर्मी में बुजुर्गाें को सांस लेने में भी दिक्कत महसूस हो रही थी। दिन का तापमान सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा होने पर दिन भर बेचैनी होती रही। बिजली की खपत एक ही दिन में 5 लाख यूनिट बढ़कर 128 लाख यूनिट तक पहुंच गई।
33 केवी क्षमता के सरसोद सब स्टेशन, गंगवा के 33 केवी क्षमता सब स्टेशन में इंसुलेटर पंक्चर हो गया। हांसी में दयाल सिंह कॉलोनी, हिसार सिटी के 33 केवी सब स्टेशन में जंपर उड़ जाने के चलते बिजली बाधित रही। सेक्टर 14 के 33 केवी सब स्टेशन में ट्रांसफार्मर में फॉल्ट आने से बिजली ठप हो गई। गावड़ गांव के 33 केवी क्षमता के सब स्टेशन में बिजली की तार टूटने से आपूर्ति बाधित हो गई।
मसूदपुर गांव में सब स्टेशन में आग लगने तथा ढंढेरी गांव के 33 केवी सब स्टेशन में पेड़ गिरने से सब स्टेशन ब्रेक डाउन हो गए। इनके सब स्टेशन के बाधित होने से हिसार शहर में सेक्टर 1-4, अर्बन एस्टेट, सेक्टर 16-17, मेला ग्राउंड, रेड स्कवायर मार्केट, सिटी थाना रोड़, कसाबा मोहल्ला सहित कई अन्य एरिया में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
-
सुबह से ही कटौती...
सेक्टर 13, सेक्टर 16-17 में सुबह 8 बजे से बिजली कटौती शुरू हो गई थी। रात दस बजे तक बिजली के कट लगते रहे। उपभोक्ता बार बार बिजली निगम की ओर से जारी शिकायत नंबर काल करते रहे। उपभोक्ताओं को किसी तरह का जवाब नहीं दिया जा रहा था। उपभोक्ता सोशल मीडिया ग्रुप के जरिये भी बिजली की शिकायतें बताते रहे लेकिन संबंधित विभाग की ओर से जवाब नहीं आए।
-
हर दो घंटे में लगे बिजली कट
अर्बन एस्टेट टू में बिजली ने उपभोक्ताओं को खूब परेशान किया। सुबह 6 बजे से बिजली के कट लगने शुरू हो गए थे। हर एक से दो घंटे में बिजली कट लगाए जा रहे थे। उपभोक्ता बार-बार निगम कर्मियों को फोन कर रहे तो एक ही जवाब मिल रहा था कि फॉल्ट आ गया है। उमस भरी गर्मी में लोग बेहाल हो रहे थे।
घरेलू एरिया में बिजली की मांग काफी तेजी से बढ़ी है। गर्मी तथा ओवरलोड होने के कारण ट्रांसफार्मरों में दिक्कत आ रही है। बिजली के फॉल्ट को लगातार दिक्कत आ रही है। खराबी को जल्द से जल्द ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है।
- संजय चुघ, प्रवक्ता, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम।