हांसी। शहर के तोशाम रोड पर हांसी-महम रोहतक रेलवे लाइन पर करीब ढाई वर्ष पहले बने आरओबी की एक वर्ष से हालत खस्ता है। आरओबी की मरम्मत के लिए पेंच रेलवे व लोकनिर्माण विभाग के बीच में फंसा है। दोनों ही विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल कर मरम्मत कार्य से अपना पीछा छुड़वा रहे हैं।
ओवरब्रिज पर तारकोल की बनाई गई सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है। ऐसे में रेलवे के निर्माण कार्य पर भी आमजन सवाल उठा रहे हैं। वहीं रेलवे इसकी मरम्मत से बच रहा है।
रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि इसकी मरम्मत लोकनिर्माण विभाग करेगा। वहीं लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने आरओबी को टेकओवर ही नहीं किया तो मरम्मत कैसे करवाएं। फिलहाल आरओबी की हालत खस्ता है और मरम्मत न होने से लोग परेशान हैं। वहीं विभाग एक दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर मरम्मत से कार्य से बच रहे हैं और यहां जनता परेशान हो रही है।
हालत यह है कि आरओबी पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं। गड्ढों के कारण यहां पर हादसे होने का डर भी बना रहता है। ग्रामीण रामफल, तिलकराज, रामकुमार, बबलू, वीरेंद्र, प्यारे लाल, ओमप्रकाश, रामस्वरूप व बलवान ने बताया कि वाहन चालकों को परेशानी भी हो रही है। सरकार को इसे जल्द से जल्द ठीक करवाना चाहिए। हांसी-महम रोहतक 68.5 किलोमीटर लंबी रेल लाइन लगभग 890 करोड़ रुपये में बनकर तैयार हुई है। इसमें आरओबी व अंडरब्रिज का निर्माण रेलवे ने ही करवाया है।
जवाब देने से बच रहे रेलवे अधिकारी
हांसी रेलवे स्टेशन बीकानेर रेलवे डिविजन के अधीन है। लेकिन यह आरओबी नई बनी हांसी-महम रोहतक रेलवे लाइन पर है। जो रेलवे की दिल्ली डिविजन के अधीन है। दिल्ली डिविजन के अधिकारी इस आरओबी की मरम्मत के सवाल से बच रहे हैं। जेई से लेकर एक्सईएन स्तर के अधिकारियों का कहना है कि उनके आला अधिकारी ही इस बारे में बताएंगे। रेलवे अधिकारियों की जिम्मेदारी दूसरों पर डालने से लापरवाही साफ नजर आ रही है।
इस आरओबी का निर्माण रेलवे ने करवाया था। अभी यह रेलवे के अधीन ही है। हमने इसे टेकओवर नहीं किया। मरम्मत रेलवे ही करवाएगा।
- अनिल नरवाल, एक्सईएन, लोकनिर्माण विभाग