हिसार। स्मार्ट सिटी का सपना देख रहे हिसार में महज 13 एमएम बारिश में गलियों से लेकर मुख्य सड़कों पर तीन फीट तक पानी भर गया। हालात ऐसे हो गए कि डिस्पोजल का निरीक्षण करने निकले मेयर को बारिश के बाद अपना पायजामा ऊपर कर पानी में उतरना पड़ा। मेयर गौतम सरदाना ने अधिकारियों से कहा गलियों का भरा पानी कैसे निकलेगा। बरसाती डिस्पोजल को लेकर आप लोगों का लचर रवैया समझ ही नहीं आ रहा है। कोई एसडीओ बरसाती डिस्पोजल को लेकर जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। इस दौरान सीनियर डिप्टी मेयर अनिल सैनी, पार्षद भूप सिंह रोहिल्ला, प्रीतम सैनी भी मौजूद रहे।
महावीर कॉलोनी में जब मेयर पहुंचे तो कॉलोनी निवासी सुनील कुमार, कृष्ण सैनी ने कहा कि आज तो आपने हमारा हाल देख लिया। पहले यहां कोई हाल सुनने तक नहीं आया। मेयर गौतम सरदाना ने जन स्वास्थ्य विभाग व निगम अधिकारियों के साथ महावीर कॉलोनी एरिया की विभिन्न गलियों और बरसाती डिस्पोजल का निरीक्षण किया। मेयर ने आश्वासन दिया कि जलभराव की समस्या को लेकर बरसाती डिस्पोजल बनाया गया है। जिसका ट्रायल आज शुरू हो चुका है। जल्द ही बरसाती पानी की समस्या का समाधान किया जाएगा।
जेई बोले- एजेंसी के खिलाफ 17 बार लिख चुके पत्र, नहीं हो रही कार्रवाई
सरदाना ने जन स्वास्थ्य विभाग के सीवरेज व बरसाती डिस्पोजल देखने वाले एसडीओ और जेई को फटकार लगाते हुए कहा कि बारिश आ गई है और आप लोगों ने अभी तक सीवरेज की सफाई तक नहीं करवाई है। ऐसे में कैसे गलियों का पानी निकलेगा। इस दौरान मेयर को जेई जयसिंह ने बताया कि बरसाती लाइन बिछाने वाली एजेंसी के खिलाफ 17 बार लिखकर एसडीओ को दिया है। उसके बावजूद आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई और न ही एजेंसी का ठेकेदार काम कर रहा है। मेयर ने कहा कि एसडीओ को एजेंसी के खिलाफ लिखित में नोटिस देने की कॉपी दें। एसडीओ हो या एक्सईएन एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बाद में मेयर ने महावीर कॉलोनी में जनरेटर चलाकर बरसाती डिस्पोजल शुरू करवाया। इस दौरान जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ कंवर पाल, एसडीओ जसवीर, जेई जयसिंह, जेई राहुल, जेई मनोज के अलावा नगर निगम के एक्सईएन जयवीर सिंह डूडी, एसडीओ अमित बेरवाल मौजूद रहे।