शहर के दिल्ली रोड की उचित लोकेशन पर नगर परिषद कार्यालय की नई बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा। नगर परिषद ने इसकी योजना तैयार कर ली है। जगह के चयन के लिए नगर परिषद ने पिछले शुक्रवार को तीन सदस्यों की कमेटी का गठन किया था। कमेटी में नगर परिषद अभियंता जयवीर सिंह, अनुभाग अधिकारी सुखदेव सिंह जालंधरा व सेनेटरी इंस्पेक्टर संजय कुमार को शामिल किया गया था। नगर परिषद ने कमेटी में शामिल अधिकारियों को जगह चिह्नित कर 20 नवंबर तक रिपोर्ट सौंपने के आदेश भी जारी किए थे।
कमेटी सदस्यों ने जाट धर्मशाला के सामने फायर ब्रिगेड की जगह व गोसाई गेट सहित अन्य जगहों का निरीक्षण किया। कमेटी ने जगह का चयन किए जाने के बाद उसकी फिजिबिलिटी देखी है। इसके बाद नए भवन निर्माण की आगामी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। आगामी हाउस की बैठक में नगर परिषद की ओर से इस प्रस्ताव को पास किया जाएगा। नगर परिषद के सेंक्शन ऑफिसर सुखदेव सिंह जालंधरा ने बताया कि नगर परिषद के नए कार्यालय के निर्माण के लिए करीब 5 से 8 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। बजट को लेकर सरकार व निदेशालय को डिमांड भेजी जाएगी।
नगर परिषद पहुंचने के लिए ये होती है शहरवासियों परेशानी
बता दें कि नगर परिषद के मौजूदा कार्यालय में पहुंचने के लिए हांसी के मुख्य बाजारों से होकर जाना पड़ता है। बाजारों में भीड़, नो पार्किंग, सड़कों पर अतिक्रमण व जाम के कारण लोगों को भारी परेशानियों को सामना करना पड़ता है। चौपहिया वाहन तो दूर यहां पहुंचने के लिए दुपहिया वाहन चालक भी जाम में फंस जाते हैं। मौजूदा नगर परिषद कार्यालय में पहुंचने के लिए चार रास्ते हैं और सभी में दिन भर जाम लगा रहता है। बाजारों की गलियां संकरी होने के कारण दिनभर जाम लगता है।
मौजूदा कार्यालय में पार्किंग तक नहीं
मौजूदा नगर परिषद कार्यालय में पार्किंग की समस्या है। लोगों को सड़क पर वाहन खड़े करने पड़ते हैं। अगर नगर परिषद का कार्यालय मुख्य रोड पर शिफ्ट हो जाता है तो नागरिकों को आने-जाने में आसानी होगी। लोगों का कहना है कि त्योहारी सीजन में तो ऑटो चालक भी नगर परिषद तक जाने में परहेज करते हैं।
बहुमंजिला बनेगा नगर परिषद कार्यालय का नया भवन बिल्डिंग
नगर परिषद की योजना के अनुसार नए कार्यालय का भवन बहुमंजिला होगा। इसमें कांफ्रेंस हॉल, बैठक हॉल, पार्किंग, ई-दिशा, रिसेप्शन, ईओ ब्रांच, अकाउंट ब्रांच, प्रॉपर्टी टैक्स शाखा, तकनीकी शाखा, बिल्डिंग ब्रांच बनाई जाएंगी। इसके साथ ही चेयरमैन ऑफिस, एसओ कार्यालय, एक्सईएन कार्यालय, पार्षद कक्ष, एमई कार्यालय और जेई कार्यालय बनाए जाएंगे।
तीन सदस्यों की कमेटी ने नगर परिषद भवन के लिए विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया है रिपोर्ट बनाकर उच्च अधिकारियों के पास भेजी जाएगी।
-सुखदेव सिंह जालंधरा, सेक्शन ऑफिसर।