हांसी। जिले के पहले स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचेंगे। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस महानिरीक्षक हिसार रेंज कुलदीप सिंह ने एसपी विनोद कुमार के साथ परेड ग्राउंड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आईजी ने परेड, सुरक्षा, कानून एवं व्यवस्था, यातायात, प्रवेश-निकास और भीड़ प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने समारोह से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कमी न रहने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद एसपी विनोद कुमार ने डीएसपी और थाना प्रभारियों की बैठक ली। उन्होंने समारोह के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा मजबूत करने, यातायात प्रबंधन और पुलिस बल की तैनाती को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों व गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय पर्व है और सुरक्षा व कानून-व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।