हिसार। जहाजपुल स्थित जिला ब्राह्मण धर्मशाला में रविवार को जिला ब्राह्मण सभा की कार्यकारिणी बैठक जिला प्रधान रत्तन लाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) के नियम और जातिगत आरक्षण प्रणाली को भेदभावपूर्ण बताते हुए इसके विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। समाज ने सर्वसम्मति से इस नियम को काला कानून करार देते हुए इसे तुरंत वापस लेने की मांग की।
जिला प्रधान रत्तन लाल शर्मा ने कहा कि विरोध प्रदर्शन में हिसार सहित पूरे प्रदेश से सैकड़ों की संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग शामिल होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार ने मांग नहीं मानी तो समाज में भारी रोष पैदा होगा, जिसका खामियाजा सरकार को भुगतना पड़ेगा।
बैठक में पूर्व मंत्री गीता भुक्कल की ओर से की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर भी गहरा आक्रोश जताया गया। कार्यकारिणी ने भुक्कल की ओर विधानसभा में की गई टिप्पणी तुरंत वापस लेने और ब्राह्मण समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर प्रदेशभर में सड़कों पर उतरकर पुरजोर विरोध प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई।
बैठक में उपप्रधान छाजुराम, कोषाध्यक्ष कुलभूषण, कार्यकारी महासचिव शिव शंकर, कार्यकारिणी सदस्य जयप्रकाश पारीक, सज्जन शर्मा, रवि शर्मा, जगत शर्मा, पूर्व प्रधान राजकुमार भारद्वाज,पृथ्वी सिंह घिराइया सहित अन्य उपस्थित रहे।