पेड़ से टकराकर क्षतिग्रस्त हुई एक कार।
हिसार। शहर में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार शाम अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। दोनों मामलों में कार चालकों पर लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप हैं।
पहला हादसा कैंट के मेन गेट के पास हुआ। मय्यड़ निवासी सुनीता ने बताया कि उसकी बेटी दीपू ऑफिस से लौट रही थी। वह सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार समेत भाग गया।
राहगीरों ने घायल दीपू को निजी अस्पताल पहुंचाया। उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। जिला नागरिक अस्पताल से उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सदर थाना इंचार्ज विरेंद्र ने बताया कि पुलिस को अभी हादसे की सूचना नहीं मिली है। सूचना मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
दूसरा हादसा ठंडी सड़क पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शी प्रवीण के अनुसार शाम करीब साढ़े चार बजे तेज रफ्तार कार पहले ठेके के सामने एक महिला और एक लड़के को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे खड़ी बाइक से जा टकराई। इसके बाद कार पेड़ से जा भिड़ी। पुरानी सब्जी मंडी चौकी इंचार्ज कुलदीप ने बताया कि घटना की सूचना नहीं मिली है।