हिसार। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने मेयर व पार्षदों को आश्वासन दिया है कि 3 से 5 सप्ताह में एजेंसी वार्ड 1 से 10 में घरों से कचरा उठाने का काम शुरू कर देगी। इसके साथ ही कई मांगों का समाधान होने व सफाई को लेकर निगमायुक्त के आश्वासन के बाद पार्षदों ने सामूहिक इस्तीफा देने व सख्त कदम उठाने का फैसला वापस ले लिया।
बता दें कि पिछले दिनों मेयर के नेतृत्व में सभी पार्षदों ने बैठक कर फैसला किया था कि अगर 26 सितंबर तक उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो वह 27 सितंबर को बैठक कर कोई सख्त कदम उठाने पर मजबूर होंगे। इस दौरान कुछ पार्षदों ने इस्तीफा देने का भी एलान किया था। हालांकि इस बैठक के बाद मेयर व पार्षद निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता से भी मिले थे। इसके बाद मुख्यालय की तरफ से अवैध कॉलोनियों का सर्वे शुरू करने, डंपिंग स्टेशन की जगह पर ही प्रोसेसिंग प्लांट लगाने, एक साल का ही कचरा शुल्क लेने, कार्ड धारकों को एनडीसी जारी करने के आदेश जारी कर दिए गए।
ढंढूर डंपिंग स्टेशन पर ही लगाया जाएगा प्रोसेसिंग प्लांट
बुधवार को मेयर ने निगमायुक्त के साथ बैठक की। इस दौरान निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि डंपिंग स्टेशन पर पुराना कचरा भी पड़ा है। प्लांट लगाने से पहले उस कचरे को अलग किया जाएगा। इसके अलावा यहां चहारदीवारी का निर्माण करवाया जाएगा और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा लीगेसी साइट पर लगे बिजली मीटर को एजेंसी के नाम करवाया जाएगा। साथ ही डंपिंग स्टेशन पर प्लांट भी लगाया जाएगा। इस कार्य में 3 से 5 सप्ताह का समय लग जाएगा। इन सभी कार्यों के होते ही एजेंसी के वाहन फिर से घरों से कचरा उठाने का काम शुरू कर देंगे। मेयर गौतम सरदाना ने कहा कि अब जल्द ही वार्ड 11 से 20 में डोर टू डोर कचरा उठाने का टेंडर लगाने व वार्ड 1 से 10 में मैनपावर लगाने के लिए मुख्यालय से अनुमति ली जाएगी। मेयर ने कहा कि कार्ड वाली प्रॉपर्टी की एनओसी देने का काम सोमवार से शुरू हो जाएगा।