चौधरीवास के नर्सिंग कॉलेज के बाहर प्रदर्शन करते विद्यार्थी।
हिसार। गांव चौधरीवास स्थित महर्षि दयानंद इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग कॉलेज में विद्यार्थियों व अभिभावकों ने मेन गेट पर ताला जड़ दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि संस्थान की ओर से डिग्री से संबंधित मापदंडों को पूरा नहीं किया जा रहा है। कॉलेज प्रबंधन ने इंडियन नर्सिंग ऑफ काउंसिल से साल 2020 से मान्यता नहीं ली है। उनको दी जाने वाली डिग्री महज कागज का टुकड़ा साबित होगी। इस डिग्री के आधार पर नौकरी नहीं मिल पाएगी। वहीं, कॉलेज प्रबंधक सतबीर का कहना कि इसके लिए आवेदन किया था, अभी तक अनुमति नहीं मिली है।
नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने 2020 में नर्सिंग कॉलेज में बीएससी नर्सिंग में दाखिला लिया था। अब वह तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। अब उन्हें पता लगा कि कॉलेज प्रबंधन ने आईएनसी से मान्यता नहीं ली है। जब उन्होंने दाखिला लिया तो बताया गया था कि कॉलेज को आईएनसी की मान्यता है। विद्यार्थियों को जो डिग्री मिलेगी वह सभी नौकरी के लिए वैध होगी। तीन साल से हर सेमेस्टर में 75 हजार रुपये फीस जमा करा रहे हैं। एक-एक विद्यार्थी अब तक 3-3 लाख रुपये फीस अदा कर चुका है। अब उन्हें पता लग रहा है कि उनकी डिग्री किसी काम की नहीं है। विद्यार्थियों व अभिभावकों ने कॉलेज में पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कॉलेज प्रबंधक ने विद्यार्थियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। प्रबंधक ने डायल 112 पर कॉल की तो पुलिस मौके पर पहुंची। विद्यार्थियों ने कहा कि इस बारे में डीसी-एसपी को शिकायत देंगे। अगर हमारी सुनवाई नहीं हुई तो सीएम से मिलने जाएंगे।
हमने इंडियन नर्सिंग काउंसिल की मान्यता के लिए आवेदन किया था। किन्हीं कारणाें से अभी तक मान्यता नहीं मिल सकी है। लगातार प्रयास कर रहे हैं। विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। - सतबीर सिंह, प्रबंधक , महर्षि दयानंद इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग कॉलेज, हिसार