बास। गांव माजरा में खेत की डोल (मेढ़) के लिए हुए विवाद में हुए झगड़े के दौरान फायरिंग और लाठी-डंडों से हमला करने के आरोप में पुलिस ने अनिल उर्फ बाबा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पीड़ित राजकुमार के अनुसार उसका खेत थुराना रोड पर है, जो प्रदीप के खेत से सटा हुआ है। 21 जून को प्रदीप ने जानबूझकर ट्रैक्टर (जो अमन का था) से डोल काट दी। आपत्ति जताने पर पहले उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद शाम को खेत से लौटने के बाद जब रोहतक निवासी सोनू का मोबाइल खेत में छूट गया तो वह लेने गया। रास्ते में अनिल ने उसे रोककर डंडे से हमला कर बाइक छीन ली। बाद में जब राजकुमार, उसकी बहन प्रियंका और चाचा सोनू बाइक लेने पहुंचे, तो अनिल ने गोली चला दी थी जो राजकुमार के कान के पास से निकल गई। इसके बाद संजय, अमन और प्रदीप भी आ गए और तीनों ने मिलकर प्रियंका और सोनू पर लाठियों से हमला कर दिया था। नारनौंद पुलिस ने अनिल, संजय, अमन, प्रदीप समेत एक अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था।