आरोपी देवेंद्र उर्फ धोलू बालसमंदिया को गिरफ्तार कर ले जाती स्पेशल स्टाफ पुलिस ।
हिसार। खजांचियान बाजार स्थित जूलरी की एक दुकान में पर्ची फेंक कर 2 करोड़ की रंगदारी मांगने के आरोपी देवेंद्र उर्फ धोलू बालसमंदिया को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी रंगदारी की पर्ची फेंकने के बाद दिल्ली जाकर छिप गया था। आरोपी को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
सिटी थाना प्रभारी तनेजपाल ने बताया कि खजांचियान बाजार स्थित सुंदर ज्वैलर्स में 19 जून को एक युवक पर्ची फेंककर चला गया। पर्ची में लिखा था सुन लाला, दो करोड़ रुपये दे देना, नहीं तो जान से हाथ धो बैठोगे। पर्ची में नीचे देवेंद्र उर्फ धोलू बालसमंदिया नाम लिखा था। दुकान संचालक सुंदर ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो पता लगा कि पर्ची फेंकने वाले ने नीले रंग की जींस व लाल रंग की टी शर्ट पहनी हुई थी। सिर पर सफेद रंग का गमछा डाला हुआ था।
सीसीटीवी फुटेज पुलिस को दी गई। पुलिस ने आसपास की दूसरी दुकानों के बाहर लगे कैमरे भी खंगाले। शुरुआती जांच में पता लगा कि बालसमंद गांव में देवेंद्र नाम के तीन युवक हैं। इनकी फोटो की पहचान कराई गई तो पता लगा कि देवेंद्र उर्फ धाेलू के खिलाफ उसके परिवार के लोगों ने गुमशुदगी का केस दर्ज कराया हुआ है। इसके साथ ही उस पर लड़की को भगाकर ले जाने तथा मारपीट के दो मामले दर्ज हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के दिल्ली में छिपे होने की जानकारी मिलने पर उसके मोबाइल को सर्विलांस पर लेकर निगरानी रखी। इस दौरान उसकी लोकेशन दिल्ली में मिलने पर पुलिस ने टीम ने वहां जाकर उसे दबोच लिया। रविवार को आरोपी को रिमांड पर लेकर पता लगाया जाएगा कि उसने रंगदारी मांगने की वारदात क्यों अंजाम दी और उसके साथ कौन-कौन शामिल हैं।