हिसार। रेलयात्रा के दौरान एक किशोरी की मौत हो गई। पहले से ही सांस लेने में परेशानी होने से हृदयघात की आशंका जताई गई है। पोस्टमार्टम के लिए शव जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा गया है।
राजस्थान के चूरू जिले के गांव बीड़ छापड़ निवासी भगीरथ खत्री की 16 वर्षीय बेटी दीपाक्षी रविवार को परिवार के साथ सुजानगढ़, चूरू से ट्रेन में सवार हुई। उसे लुधियाना (पंजाब) में मौसेरे भाई की शादी में शामिल होना था। मां मनीषा खत्री और बहन कोमल भी उसके साथ थीं।
जब ट्रेन रविवार सुबह करीब 11 बजे हिसार के पास पहुंची तो अचानक उसकी सांस अटकने लगी। परिजनों ने जीआरपी से प्राथमिक उपचार के लिए मदद मांगी तो पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल की गई। इस एंबुलेंस के माध्यम से उसे अस्पताल पहुंचाया गया तो वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉ. प्रिया गुप्ता ने जांच के बाद दीपाक्षी को मृत घोषित कर दिया।
इससे घबराकर मनीषा और कोमल भी बेसुध हो गईं। इस कारण उनकाे पानी पिलाकर होश में लाना पड़ा। शहर के मोहल्ला राजीवनगर निवासी उनके रिश्तेदार अनिल कुमार ने फोन कर भगीरथ को घटना की सूचना दी।
पोस्टमार्टम के लिए शव जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। परिजनों के मुताबिक उसे पिछले साल भी सांस लेने में दिक्कत हुई थी, लेकिन तब इलाज के बाद अब वह स्वस्थ थी।