हांसी। देश की आबादी का नया आंकड़ा जुटाने के लिए जिला प्रशासन ने जनगणना-2027 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार जनसंख्या गणना डिजिटल माध्यम से होगी। हरियाणा में 25 जनवरी से 28 फरवरी तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनसंख्या संबंधी विवरण जुटाएंगे। इससे पहले 10 से 24 जनवरी तक नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा मिलेगी।
उपायुक्त राहुल नरवाल ने बताया कि नागरिक https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर अपने परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद प्रगणक घर पहुंचकर दर्ज विवरण एकत्रित एवं सत्यापित करेंगे। जनसंख्या गणना पूरी होने के बाद 1 से 5 मार्च तक पांच दिवसीय पुनरीक्षण दौर चलेगा।
उन्होंने बताया कि इस बार प्रगणक स्मार्टफोन में उपलब्ध मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से आंकड़े दर्ज करेंगे। वहीं, जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली से कार्य की प्रगति पर नजर रखी जाएगी। डिजिटल व्यवस्था से आंकड़ों के संकलन में त्रुटियां कम होंगी और निर्धारित समय में काम पूरा करने में मदद मिलेगी।
उपायुक्त ने बताया कि जनसंख्या गणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति से निर्धारित प्रश्नावली के तहत 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें जनसांख्यिकीय, सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक गतिविधियों, भाषा और प्रवास सहित अन्य विषय शामिल होंगे। इन आंकड़ों से विकास योजनाओं के निर्माण, सार्वजनिक सुविधाओं की जरूरतों के आकलन और जनसंख्या संबंधी आवश्यकताओं को समझने में मदद मिलेगी।
जनगणना कार्य के लिए नियुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाएगा। संबंधित विभागों को निर्देश दिए जाएंगे कि कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता से अपने दायित्व निभाएं।
उपायुक्त ने नागरिकों से स्व-गणना के दौरान सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करने और प्रगणकों को सहयोग देने की अपील की। उन्होंने बताया कि नागरिकों की ओर से दी गई जानकारी जनगणना अधिनियम-1948 के तहत गोपनीय रखी जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी व्यक्ति या परिवार गणना से वंचित न रहे और शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित हो।
जनगणना में बाधा डाली तो होगी कानूनी कार्रवाई
डीसी राहुल नरवाल ने कहा कि जनगणना कर्मचारियों के सरकारी कार्य में बाधा डालने, हस्तक्षेप करने या प्रक्रिया में रुकावट पैदा करने वालों के खिलाफ जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 11 के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके अंतर्गत तीन वर्ष तक के कारावास और एक हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना के लिए आवश्यक सहयोग दें। नागरिक अपना आधार नंबर, पासपोर्ट नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस नंबर और मतदाता पहचान पत्र नंबर तैयार रखें।