जीजेयू हिसार में कार्यक्रम में प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का परिचय देती छात्रा।
हिसार। गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) में सोमवार को दो दिवसीय टैलेंट सर्च-प्रतिभा खोज कार्यक्रम शुरू हुआ। पहले दिन विद्यार्थियों ने एलोकेशन, मोनो एक्टिंग, गायन-वादन, पोस्टर बनाने और क्ले मॉडलिंग में हुनर दिखाया। आमंत्रित निर्णायकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।
छात्र कल्याण अधिष्ठाता कार्यालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन छात्र कल्याण अधिष्ठाता एमके शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी की पहचान केवल अकादमिक प्रदर्शन से नहीं, बल्कि उसकी विशिष्ट प्रतिभा और सृजनात्मक क्षमता से भी बनती है। कार्यक्रम का उद्देश्य नवोदित विद्यार्थियों की प्रतिभा पहचानकर उन्हें मंच देना है।
दूसरे दिन नृत्य प्रतियोगिताएं होंगी, जिसमें विद्यार्थी विभिन्न नृत्य शैलियों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर छात्र कल्याण सह-अधिष्ठाता विक्रमजीत सिंह, निदेशक सांस्कृतिक मामले तरुणा, अतिरिक्त सह-निदेशक सांस्कृतिक मामले गीतू, डीवाईडब्ल्यू अजीत सिंह तथा सांस्कृतिक समिति के सदस्य सुनैना, साक्षी, सोनिका और रवींद्र आदि मौजूद रहे।