मधुबन चौक से पंचायत भवन गेट तक रविवार को शहरवासियों ने राहगिरी में खूब लुत्फ उठाया। पूरी रात और सुबह तक चली बूंदाबांदी बावजूद शहरवासियों का जोश कम नहीं दिखा। हालांकि हाजरी जरूर कम दिखी। महाबीर स्टेडियम के आगे मेन स्टेज पर बच्चों के अलग-अलग समूहों ने डीजे पर बज रहे गानों पर प्रस्तुतियां दीं। वहां एक समूह ने शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के फांसी के चित्रण की प्रस्तुति गाने के माध्यम से दी। इसके अलावा मेरा रंग दे बसंती चोला, फिर भी दिल है हिंदुस्तानी, देश मेरा रंगीला और वंदे मातरम गाने से एक समूह ने राष्ट्रध्वज लहराकर तालियां बटोरी। महाबीर स्टेडियम के गेट के पास नेकी की दीवार सजी थी। उससे थोड़ी दूर पंचायत भवन की तरफ मटकी रेस हो रही थी। पंचायत भवन की तरफ रस्सी से टायर खींचने का खेल हो रहा था। बच्चे स्केटिंग कर रहे थे और साइकिल चला रहे थे। अंत में पंचायत भवन के गेट के पास शहरवासी डीजे की तेज धुन पर एरोबिक योगा कर रहे थे। नोडल ऑफिसर डीएसपी भगवान दास और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सीपीएस सपरिवार हुए शामिल
मुख्य संसदीय सचिव डॉ. कमल गुप्ता परिवार सहित राहगिरी में शामिल हुए। उन्होंने वहां बैठकर मेन स्टेज पर आयोजित प्रस्तुतियों का आनंद लिया। वह बाद में राहगिरी के आइटम देखकर चले गए। प्रोग्राम अधिकारियों ने सीपीएस का पधारने पर स्वागत किया।