कस्बे की अनाज मंडी के चल रहे विस्तार कार्य में घटिया सामग्री लगाने की शिकायत पर स्टेट चंडीगढ़ विजिलेंस की टीम शुक्रवार को नारनौंद पहुंची।
इस दौरान टीम ने निर्माण कार्य में प्रयोग की जाने वाली सभी चीजों के सैंपल लिए। अधिकारियों के मुताबिक इन सभी को लैब में भेजा जाएगा और इसकी रिपोर्ट एक सप्ताह के बाद आएगी। इस दौरान टीम ने ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई।
जानकारी के अनुसार विस्तार कार्यक्रम के तहत मंडी की चारदीवारी व अन्य स्थानों पर निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण में घटिया सामग्री के प्रयोग करने को मीडिया ने भी उठाया था।
इसके बावजूद भी ठेकेदार नहीं माना तो आढ़तियों ने इसकी शिकायत चंडीगढ़ कर दी। इस पर शुक्रवार को स्टेट विजिलेंस की तरफ से क्वालिटी अधिकारी चंद्रभान चोपड़ा के नेतृत्व में एसडीओ अतुलभ प्रकाश, एससी लक्ष्मण दास, आनंद कुमार दोपहर बाद नारनौंद पहुंचे।
टीम ने और अनाज मंडी में चल रहे निर्माण कार्य में प्रयोग की जा रही ईंट, सीमेंट, इंटर ब्लॉक ईंट और लेवलिंग का जांच की। कार्य में अनियमितता मिलने पर ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई।
टीम सदस्यों ने बताया कि मंडी की दुकानों के पीछे जो गली का निर्माण इंटरलॉक ईंटों से किया गया है, उसका लेवल सही नहीं है और भी अन्य खामियां मिली हैं, जिनकी सही जानकारी लैब में जांच होने के बाद ही पता चल पाएगा कि ठेकेदार ने किस-किस जगह सामग्री में धांधली कर घटिया सामग्री का प्रयोग किया है।