किला पुलिस चौकी के सब इंस्पेक्टर राजकुमार की अग्रोहा मेडिकल में उपचार के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। एसआई की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई थी। पुलिस प्रशासन के अनुसार एसआई को शुगर व दिल की बीमारी की शिकायत थी। वहीं मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों के अनुसार एसआई को निमोनिया की शिकायत थी। पुलिस के मुताबिक मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद चिकित्सक शव परिजनों को सौंपे जाने को लेकर फैसला लेंगे।
पुलिस प्रशासन के अनुसार दो दिन पहले 52 वर्षीय पपोसा निवासी एसआई की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें नागरिक अस्पताल में लाया गया था, जहां से अग्रोहा मेडिकल रेफर किया गया था। यहां शनिवार शाम को उनका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था। रविवार शाम को इसकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। सोमवार सुबह आठ बजे उपचार के दौरान एसआई की मौत हो गई।
एसआई के संपर्क में आए कर्मचारियों को किया क्वारंटीन
विभाग ने एहतियात के तौर पर सब इंस्पेक्टर के संपर्क में आए सात पुलिसकर्मियों, एक एसपीओ सहित 10 को जाट धर्मशाला में क्वारंटीन सेंटर में रखा हुआ है। साथ ही इनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा चुके हैं।
गुरुग्राम से लौटे युवक की तबीयत बिगड़ी
उधर, उपमंडल के एक गांव में गुरुग्राम से लौटे युवक की तबीयत बिगड़ने पर रविवार को हिसार नागरिक अस्पताल में रेफर किया गया है। युवक के सैंपल लिए गए हैं। युवक को गुरुग्राम से लौटे कई दिन हो चुके हैं, जब वह आया था, तभी से उसे बुखार की शिकायत थी। उस समय उसने निजी अस्पताल से दवाई ली थी। अब दोबारा तबीयत खराब होने पर युवक को हिसार रेफर किया गया है।
वर्जन
अभी एसआई का शव नहीं सौंपा गया। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा, उसके बाद शव सौंपने को लेकर फैसला किया जाएगा।
- सुभाष शर्मा, प्रवक्ता, जिला पुलिस