हरियाणा के हिसार जिले के विभिन्न कॉलेजों के विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम में मिलीं खामियों को लेकर मंगलवार को गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) में बैठक हुई। बैठक में मौजूद कॉलेज प्राचार्यों ने विद्यार्थियों का पक्ष रखते हुए सत्र 2021-22 में कम नंबर देकर उन्हें फेल करने का कारण पूछा, तो जीजेयू के अधिकारियों ने उत्तर पुस्तिका दिखाई। इसमें कई उत्तर पुस्तिकाएं ऐसी मिलीं, जिनमें अंग्रेजी विषय के पेपर में हिंदी में उत्तर लिखे थे। उक्त विद्यार्थियों ने आधे उत्तर अंग्रेजी और आधे हिंदी में लिख रखे थे।
बैठक में ऐसे विद्यार्थियों को शॉर्ट लिस्ट किया गया, जिन्होंने परीक्षा परिणाम पर सवाल उठाए थे व उत्तर पुस्तिका दोबारा चेक करके परीक्षा परिणाम जारी करने की मांग की थी। हैरानी वाली बात भी यह है कि इन्हीं शॉर्ट लिस्ट किए गए विद्यार्थियों में कई विद्यार्थी ऐसे हैं, जिन्होंने हिंदी में उत्तर लिख रखे थे।
कॉलेज स्तर पर बनेंगी ग्रीवेंस कमेटी
बैठक में जीजेयू रजिस्ट्रार, डीन ऑफ कॉलेज, परीक्षा नियंत्रक सहित कई राजकीय व एडेड कॉलेजों के प्रिंसिपल मौजूद रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि भविष्य में कॉलेज विद्यार्थियों को परीक्षा परिणाम संबंधित आनी वाली समस्याओं के समाधान के लिए कॉलेज में ही ग्रीवेंस कमेटी का गठन किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को यूनिवर्सिटी के चक्कर न काटने पड़े।
यह भी पढ़ें : Rewari: हाईवे-48 पर नियम विरुद्ध चल रहे 18 ढाबों-होटलों पर चला बुलडोजर, NGT के आदेश पर 8 विभागों की कार्रवाई
बैठक में पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में डीन ऑफ कॉलेज डॉ. संदीप राणा, परीक्षा नियंत्रक प्रो. यशपाल सिंगला, डीएन कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. विक्रमजीत सहित दो अन्य गवर्नमेंट कॉलेज के प्राचार्य शामिल किए गए हैं। पांच सदस्यीय कमेटी सत्र 2021-22 में पांचवें व छठे सेमेस्टर के परीक्षार्थियों के परीक्षा परिणाम में आईं खामियों को दूर करने में सहयोग करेगी।
वीबॉक्स एजेंसी को दिया था ऑनलाइन परीक्षा का ठेका
विवि द्वारा सत्र 2021-22 यूजी पांचवें सेमेस्टर की परीक्षा वीबॉक्स नामक प्राइवेट एजेंसी को दी थी। वीबॉक्स पर ऑनलाइन परीक्षा देने वाले जिले के करीब 5 हजार विद्यार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वीबॉक्स पर परीक्षा देने वाले अधिकतर विद्यार्थियों की सीट ऑनलाइन सबमिट नहीं हो पाई थी।
वहीं जिन विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं सबमिट हो गई थी उनको गैरहाजिर दिखाकर फेल कर दिया गया था। परीक्षा परिणाम की खामियों को ठीक करवाने के लिए रोज सैकड़ों विद्यार्थी जीजेयू रिजल्ट ब्रांच के चक्कर लगा रहे हैं। विद्यार्थियों को इस समस्या को देखते हुए जीजेयू ने कमेटी का गठन कर बैठक बुलाई थी।
सत्र 2021-22 के कॉलेज यूजी पांचवें व छठे सेमेस्टर के विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम के मामले को लेकर बैठक हुई। बैठक में रजिस्ट्रार, डीन व कई कॉलेजों के प्रिंसिपल शामिल हुए। परीक्षा परिणाम में आईं खामियों के समाधान के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन कर दिया गया है। रिजल्ट संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए कॉलेजों में ग्रीवेंस कमेटी बनाई जाएगी।
- प्रो. यशपाल सिंगला, परीक्षा नियंत्रक, जीजेयू