जीजेयू हिसार के गेट पर आतिशबाजी के बाद उठता धुआं। स्रोत : छात्रनेता
हिसार। गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई को पद से हटाए जाने पर कई दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों ने रविवार को जश्न मनाया। छात्रों ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर लड्डू बांटे, आतिशबाजी की और नारेबाजी की।
छात्रों ने इसे प्रशासनिक मनमानी, भर्तियों में अनियमितताओं और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट संघर्ष की जीत बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व कुलपति के कार्यकाल में छात्रावास, फीस वृद्धि और सुविधाओं की कमी जैसी विद्यार्थियों की मांगों को नजरअंदाज किया गया। छात्र नेताओं ने कहा कि यह उन हजारों विद्यार्थियों के हौसले की जीत है, जिन्होंने विश्वविद्यालय को बचाने के लिए संघर्ष किया।
छात्र नेताओं ने नए प्रशासन से पूर्व कार्यकाल के वित्तीय और प्रशासनिक मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, दोषियों की जवाबदेही तय करने और छात्र सुविधाओं से जुड़ी लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह बदलाव जीजेयू के सुनहरे भविष्य की उम्मीद लेकर आया है। नए प्रशासन से परिसर में भयमुक्त, पारदर्शी और शिक्षाप्रद माहौल बनाने की उम्मीद जताई।
इस अवसर पर छात्र नेता अज्जू घणघस, विकास बनभोरी, भागी राणा, दीपक घणघस, शिवा मलिक, नवीन बेनीवाल, राहुल मंगल, नवीन और संजय मौजूद रहे।