हिसार। विकास और स्वच्छता कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए जिला नगर आयुक्त नीरज ने नगर निगम मुख्य सभागार में बैठक ली। आयुक्त ने अधिकारियों को डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए नई आरएफटी के अनुसार टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रोड स्वीपिंग के कार्यों के लिए एस्टीमेट तैयार कर भेजने को कहा।
जिला नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम हिसार में अब तक 2274 कुत्तों का बधियाकरण किया जा चुका है और उन्होंने सभी नगर परिषद व पालिकाओं को इस कार्य को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। बेसहारा पशुओं के पकड़ने का कार्य हांसी की तर्ज पर एक माह के लिए चलाया जाएगा, जिसका भुगतान गौ सेवा आयोग करेगा।
बैठक में हिसार अतिरिक्त निगम आयुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा, वीरेन्द्र सहारण, एक्सईएन जयबीर डूडी, अमित कौशिक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला नगर आयुक्त ने लीगेसी वेस्ट निस्तारण, प्रोसेसिंग प्लॉट, तालाब नवीनीकरण और 5 एस्पिरेशनल टॉयलेट निर्माण सहित हांसी, नारनौंद, उकलाना और बरवाला में टॉयलेट निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कर रिपोर्ट पोर्टल पर अपडेट करने और जनसंवाद में प्राप्त शिकायतों का शीघ्र निपटान करने का भी आदेश दिया।