हिसार। शहर के होटल और ढाबों में बिजली कनेक्शन से लेकर स्वीकृत लोड तक की जांच होगी। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के हिसार सर्कल के अधीक्षण अभियंता (एसई) अविनाश यादव ने वीरवार को सभी एसडीओ को इसके निर्देश दिए।
उन्होंने प्रतिष्ठानों में बिजली खपत और स्वीकृत लोड का मिलान करने के साथ वैध कनेक्शनों की जांच करने को कहा। एसई ने शहर के सिविल लाइन, सेक्टर 1-4, मॉडल टाउन और सिटी सब-डिविजन कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर कामकाज की समीक्षा की।
उन्होंने सभी एसडीओ को अपने क्षेत्रों में होटल और ढाबों की विशेष जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही यह पता लगाने को कहा कि प्रतिष्ठानों में स्वीकृत लोड के अनुसार ही बिजली का उपयोग हो रहा है या नहीं।
खराब मीटर बदलने के लिए बनेंगी टीमें : एसई अविनाश यादव ने शहर में खराब और बंद पड़े बिजली मीटरों को तत्काल बदलने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। इसके लिए विशेष टीमें गठित कर अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए छापे मारने और जांच अभियान में तेजी लाने को भी कहा। बैठक में सभी एसडीओ, जेई और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।