हिसार। एसएचओ सदर सुरेश कुमार को ज्ञापन सौंपते ग्रामीण
हिसार। हिसार-तलवंडी राणा रोड निर्माण को लेकर ठेकेदार ने मौके पर मिट्टी डालने का काम शुरू कर दिया है। खनन विभाग की अनुमति न मिलने के कारण अभी मौके पर मिट्टी डालने का काम शुरू नहीं हो पा रहा था। हालांकि अभी खानक में खनन का काम शुरू न होने के कारण निर्माण सामग्री मिलने में दिक्कत आ रही है, जिस कारण से रोड के निर्माण में बाधा आ रही है।
बता दें कि एयरपोर्ट के निर्माण के कारण जिला प्रशासन ने हिसार-बरवाला रोड और तलवंडी राणा के लिए बनाए गए वैकल्पिक मार्ग को बंद करवा दिया था। इसके बाद तलवंडी राणा व आसपास के गावों के लोग तलवंडी राणा के लिए राणा माइनस से धांसू रोड गैस प्लांट होते हुए एयरपोर्ट की चहारदीवारी के साथ-साथ एनएच 9 तक रोड बनाकर देने की मांग की थी। इस मांग को लेकर ग्रामीणों ने धरना भी शुरू कर दिया था, जो आज तक जारी है। मगर बीएंडआर उन्हें एनएच-9 से गैस प्लांट तक की रोड बनाकर देने को ही तैयार हुआ। इसे लेकर ही विभाग की तरफ से कार्रवाई शुरू की गई थी। ग्रामीणों के लिए बनाई जाने वाली सड़क की लंबाई 2.6 किलोमीटर व चौड़ाई 7.5 मीटर होगी।
ग्रामीणों ने बाकी बचे 2.6 किलोमीटर रोड बनाने की मांग की
उधर, बुधवार को ग्रामीणों ने शहर में पहुंचे मुख्यमंत्री को स्थायी रोड के संबंध मे एक ज्ञापन देने का फैसला लिया। तलवंडी राणा रोड बचाओ समिति के अध्यक्ष एडवोकेट ओपी कोहली ने बताया कि इस पर प्रशासन की ओर से सिटी थाना के एसएचओ सुरेश कुमार धरना स्थल पर ग्रामीणों का ज्ञापन लेने पहुंचे। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने बताया कि सरकार की योजना 2.6 किलोमीटर का सड़क मार्ग बनाकर उसे पुराने रोड से जोड़ने की है। मगर जल्द ही एयरपोर्ट की तीसरी पट्टी बनते ही यह रोड भी एयरपोर्ट की सीमा में आ जाएगा और फिर से ग्रामीणों के सामने पहले जैसी स्थिति पैदा हो जाएगी। उनकी मांग है कि तलवंडी राणा माइनर से लेकर धांसू रोड गैस प्लांट तक का रोड बनाकर दिया जाए।