शहर में कैंडल मार्च निकालते सामाजिक संगठन के लोग।
हिसार। सामाजिक संगठनों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) और विद्यार्थियों ने रविवार को वी आर अलाइव हिसार के बैनर तले सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में कैंडल मार्च निकाला। एचएयू गेट नंबर-4 से शुरू हुआ मार्च कांग्रेस भवन, फव्वारा चौक और मटका चौक से होते हुए क्रांतिमान पार्क पहुंचा जहां प्रतिभागियों ने प्रदर्शन कर अपनी मांगें रखीं। इस दौरान 20 जुलाई को दिल्ली कूच कर आंदोलन में शामिल होने का भी निर्णय लिया गया।
सामाजिक कार्यकर्ता सौरभ छाबड़ा के नेतृत्व में आयोजित मार्च में जिला पार्षद आशीष गोदारा, सामाजिक कार्यकर्ता रमेश पुनिया, एडवोकेट विक्रम मित्तल, सेक्टर-1 से 4 के प्रधान राजकुमार रेड्डूड, सेक्टर-16 के प्रधान इंद्र सिंह मलिक, सेक्टर-9 से जगमेंद्र बामल शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि छात्रों के मुद्दों के लिए आमरण अनशन कर रहे सोनम वांगचुक के साथ सरकार ने अनुचित व्यवहार किया है। उनका कहना था कि संवाद के माध्यम से समाधान निकालने के बजाय आंदोलन को बलपूर्वक समाप्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता यशदीप यादव, प्रशांत, विशाल अग्रवाल और उदय ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से उठाई जा रही मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।
डीवाईएफआई ने संसद मार्च का किया समर्थन
भारत की जनवादी नौजवान सभा (डीवाईएफआई) की जिला बैठक सूबे सिंह स्मारक भवन, जवाहर नगर में आयोजित हुई। राज्य प्रधान मुकेश दुर्जनपुर और राज्य सचिव नरेश ने 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद मार्च में हरियाणा के युवाओं की भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने छात्रों से जुड़े मुद्दों के समाधान, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, छात्रों को न्याय और सोनम वांगचुक की रिहाई की मांग का समर्थन करते हुए सरकार से बातचीत के जरिये समाधान निकालने की अपील की।