हिसार। शहर के निरंकारी भवन रोड स्थित फोटो मैजिक स्टूडियो के चेंजिंग रूम में हिडन कैमरा मिलने के मामले में अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर स्टूडियो संचालक प्रतीक पिलानिया को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मामले में नामजद उसके पिता की तलाश जारी है।
रविवार को सेक्टर-13 डाबडा रोड निवासी आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस ने चेंजिंग रूम से बरामद हिडन कैमरे को कब्जे में लेकर जांच के लिए फाॅरेंसिक लैब भेज दिया है। कैमरे में रिकॉर्ड डाटा की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को दी शिकायत में एक युवती ने बताया कि इंस्टाग्राम पर उसे फोटोशूट और सोशल मीडिया कोलैबोरेशन का प्रस्ताव देकर स्टूडियो बुलाया गया था। कपड़े बदलने के लिए जब वह चेंजिंग रूम में गई तो दीवार पर लगे कार्डबोर्ड में उसे संदिग्ध उपकरण दिखाई दिया। जांच करने पर वहां हिडन कैमरा लगा मिला।
इसके बाद उसने अपने एक दोस्त को फोन कर बुलाया और दीवार के पीछे से कैमरा निकाला। युवती का आरोप है कि विरोध करने पर स्टूडियो संचालक और उसके पिता ने उसके साथ बदसलूकी की और कैमरा छीनने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कैमरा कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
अर्बन एस्टेट पुलिस चौकी प्रभारी राजेश ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर स्टूडियो संचालक प्रतीक पिलानिया और उसके पिता के खिलाफ महिला की निजता भंग करने सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच के दौरान मुख्य सिपाही सोनिया ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रतीक पिलानिया को गिरफ्तार किया।