हिसार। नशा तस्करों को नशा बेचने से रोका तो नशा तस्करों ने चिड़ौद निवासी युवक पर हमला कर उसे घायल कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार इस हमले में युवक को काफी चोटें आई हैं। ग्रामीणों में इस घटना से काफी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन इन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करे अन्यथा गांव अपने स्तर पर कार्रवाई करेगा।
गांव चिड़ौद में वीरवार को ग्रामीणों ने एक बैठक की। ग्रामीण भगत सिंह ने बताया कि गांव में एक कमेटी बनाई हुई है जो गांव को नशा मुक्त बनाने के लिए काम करती है। स्याहड़वा गांव से कुछ लोग चिड़ौद में नशा बेचने आते थे। कमेटी ने उन लोगों को चेताया था कि उनके गांव में नशा न बेचे अन्यथा पंचायत उन पर कार्रवाई करेगी।
इसी बात से वो लोग रंजिश रखे हुए थे। इसी को लेकर उन्होंने कमेटी सदस्य मनोज पर हमला कर दिया जिसमें उसे काफी चोटें आईं। भगत सिंह ने बताया कि बैठक में ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।