भिवानी। सदर पुलिस को गांव नौरंगाबाद के खेतों में एक अज्ञात व्यक्ति का कंकाल मिला है। इसके मास को कुत्तों ने नोंच खाया था और कीड़े भी चल रहे थे। केवल हड्डियों का ढांचा ही बचा था, टीशर्ट और पेंट से ही ये कंकाल किसी नर के होने का अंदेशा लगाया जा रहा है।
सूचना मिलने पर सदर पुलिस और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम भी मौके पर पहुंची, जिसने आसपास के इलाके को खंगाल आवश्यक सुबूत जुटाए हैं। फिलहाल मानव कंकाल को जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
सदर पुलिस थाना के अंतर्गत आने वाली खरक पुलिस चौकी में ग्रामीणों ने सूचना दी थी कि गांव नौरंगाबाद के खेतों में एक कंकाल पड़ा है। यह कंकाल संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। जिसकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। घटनास्थल पर तुरंत पुलिस टीम पहुंची और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम ने भी मौके से आवश्यक सबूत जुटाए हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के आधार पर यह सामने आया है कि मानव कंकाल 10 से 15 दिन पुराना है, परंतु सटीक जानकारी मेडिकल व फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगी। मानव कंकाल पर सफेद रंग की टीशर्ट व नीले रंग की पेंट है। उसकी उम्र करीब 55 साल बताई जा रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि शव को कुत्तों ने नोंच खाया है और कीड़े भी चल रहे हैं। इसकी वजह से केवल मानव कंकाल का ढांचा ही बचा है। जिसका मॉस गायब हो चुका है। अब पुलिस मानव कंकाल की शनाख्त कराने के साथ उसकी मौत की गुत्थी सुलझाने में भी जुट गई है। हालांकि आसपास के इलाके में भी पूछताछ की है, मगर शनाख्त नहीं हो पाई है।
-
पुलिस खंगाल रही गुमशुदा लोगों के केस
नौरंगाबाद में मिले मानव कंकाल मामले में सदर पुलिस अब गुमशुदा लोगों के केस भी खंगाल रही है, ताकि कोई लापता हुए व्यक्ति के रूप में इसकी पहचान हो सके। हालांकि पुलिस की जांच अभी कई पहलुओं पर घूम रही है। फिलहाल पुलिस को आसपास के क्षेत्र के सर्च के दौरान भी कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है। वहीं मानव कंकाल से जुड़ी कोई भी जानकारी के लिए सदर पुलिस थाना प्रबंधक निरीक्षक नरेंद्र कुमार के मोबाइल नंबर 88140 11412, इंचार्ज चौकी खरक कला उप निरीक्षक विरेन्द्र के मोबाइल नंबर 88140 11437 से सूचना दी जा सकती है।
-
पुलिस को गांव नौरंगाबाद के खेतों में मानव कंकाल मिला है। फिलहाल जिला नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। मानव कंकाल की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसी के साथ उसकी मौत के रहस्य को भी सुलझाने की कोशिश की जा रही है। एफएसएल टीम ने भी मौका मुआयना किया है। मानव कंकाल का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जिसके बाद काफी तथ्य सामने आएंगे।
-निरीक्षक नरेंद्र कुमार प्रबंधक सदर पुलिस थाना भिवानी।