हांसी। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार प्रदेश के 250 सरकारी स्कूलों को मुख्यमंत्री एक्सीलेंस एंड अर्ली इंग्लिश स्कूल (सीएम ईईई) के रूप में चयनित किया गया है। इस सूची में हांसी, बास और नारनौंद खंड के दो-दो स्कूल शामिल हैं।
हांसी ब्लॉक से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डाटा और भाटला, बास ब्लॉक से राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खरबला खेड़ा और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुट्ठी समैन जबकि नारनौंद क्षेत्र से शहीद लेफ्टिनेंट राम प्रकाश रोपड़िया राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पाली और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कपड़ो का चयन किया गया है।
खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री एक्सीलेंस स्कूलों में सरकार द्वारा निर्धारित सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। चयनित स्कूलों में अब कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई अनिवार्य रूप से अंग्रेजी माध्यम में करवाई जाएगी। कक्षा 6 से आगे हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों के अलग-अलग सेक्शन उपलब्ध रहेंगे।