बालसमंद। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम यानी जेईई सेशन-1 का रिजल्ट सोमवार को जारी किया गया। अनामिका गोदारा ने जेईई परीक्षा में 99.96 प्रतिशत अंक हासिल किए। अनामिका मूल रूप से गांव सीसवाला की रहने वाली है। पिछले कुछ साल से अपने परिवार के साथ हिसार के सेक्टर-13 में रहती है।
जेईई मेन 2022 के जून सत्र में अनामिका ने 300 में से 299.84 अंक प्राप्त कर अपनी बुद्धिमता का प्रदर्शन किया है। अनामिका ने बताया कि उसने घर पर सेल्फ स्टडी की और कोचिंग भी ली। सोशल मीडिया का प्रयोग जरूरत के अनुसार किया। वह रात के समय में ही पढ़ाई करती थी। जब बोरियत या तनाव महसूस करती तो अपने मम्मी-पापा से बातचीत करती या फिर संगीत सुनती। अनामिका के पिता सुभाष गोदारा प्राइमरी अध्यापक हैं जबकि माता सुनीता गृहिणी हैं।
कंप्यूटर साइंस में बीटेक करना चाहती है अनामिका
अनामिका ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वह कंप्यूटर साइंस में बीटेक करना चाहती है। मेरे पिता मुझे हमेशा मोटिवेट करते थे। उन्हीं के मोटिवेशन के कारण मुझे मेरे कॅरिअर का मार्गदर्शन मिलता रहता है। अनामिका के पिता सुभाष ने बताया कि लगातार पढ़ाई करने के बाद अनामिका मनोरंजन के लिए पेंटिंग बनाती थी। उसे बचपन से ही पेंटिंग का शौक रहा है। अनामिका ने दो वर्ष पहले सीबीएसई की 12वीं की परीक्षा के जारी रिजल्ट में 99 प्रतिशत अंक लेकर जिला टॉप किया था। अनामिका ने शुरुआत से ही सेल्फ स्टडी की और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी।