चरखी दादरी। डायल 112 पर आई कॉल के बाद मदद के लिए पैंतावास कलां पहुंची पुलिस टीम के सामने ही दो पक्ष भिड़ गए। दोनों पक्षों में पत्थरबाजी हुई, जिसमें पुलिस एसआई भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। वहीं, सदर थाना पुलिस ने इस संबंध में सात नामजद समेत अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। इस मामले में तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार दादरी-भिवानी रोड पर डायल 112 के तहत मिली इनोवा पर तैनात पुलिस टीम के समक्ष पंचकूला से शुक्रवार रात 8:43 पर एक सूचना पहुंची थी। पुलिस टीम को जानकारी मिली थी कि पैंतावास कलां निवासी नरेश को मारने के लिए कुछ लोग उसके पीछे घूम रहे हैं। इस आधार पर पुलिस टीम एसआई महेंद्र सिंह के नेतृत्व में वहां पहुंची। पुलिस ने गांव में पहुंचने के बाद कुछ ग्रामीणों से बातचीत की तो पता चला कि चौक में दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम चौक में पहुंची तो वहां दो पक्ष झगड़ा करते मिले। पुलिस टीम ने दोनों पक्षों के लोगों से झगड़ा बंद करने की अपील की, लेकिन उक्त लोगों ने विवाद जारी रखा। इस दौरान दोनों पक्षों में पत्थरबाजी भी हुई और टीम इंचार्ज एसआई महेंद्र सिंह सिर में पत्थर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
लहूलुहान हालत में उपचार के लिए उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। पुलिस ने घायल एसआई के बयान पर इस संबंध में सात नामजद समेत चार-पांच अन्य के खिलाफ धारा 147, 129, 186, 332 व 353 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि दोनों पक्षों में हुए विवाद के दौरान कुछ लोगों को चोटें लगने के कयास भी लगाए जा रहे हैं। हालांकि शनिवार सुबह तक उनमें से कोई उपचार के लिए सिविल अस्पताल नहीं पहुंचा।
सूचना मिलने के बाद आठ मिनट के अंदर मौके पर पहुंची पुलिस
शुक्रवार रात 8:43 पर डायल 112 के तहत मिली इनोवा पर तैनात पुलिस टीम को पंचकूला से पैंतावास कलां में हुए झगड़े की सूचना मिली थी। इसके आठ मिनट बाद ही पुलिस टीम गांव में पहुंच गई। गांव में प्रवेश करते ही टीम को मिले ग्रामीणों ने झगड़े की लोकेशन बताई और इसके तुरंत बाद पुलिस टीम वहां पहुंच गई।
पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में हुआ विवाद
सिटी थाना प्रभारी बीर सिंह ने बताया कि पैंतावास कलां में शुक्रवार रात दो पक्षों के बीच हुए विवाद का कारण पुरानी रंजिश सामने आया था। उक्त दोनों पक्षों में कुछ समय पहले भी विवाद हुआ था। उन्होंने बताया कि तीन आरोपियों नरेश, संदीप और संजय को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
पुलिस ने इस संबंध में नरेश, संदीप, संजय, रवि, संदीप, जयसिंह व हसन समेत चार-पांच अन्य के खिलाफ धारा 147, 129, 186, 332 व 353 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्द ही पुलिस अगली कार्रवाई अमल में लाएगी।
अनिल कपूर, एसआई एवं जांच अधिकारी, सदर थाना