हिसार / हांसी। मौसम ने रविवार की छुट्टी का मजा किरकिरा कर दिया। शनिवार को निकली अच्छी धूप की वजह से दिन का तापमान 20.4 डिग्री दर्ज किया गया था, जो रविवार को सर्द हवा व गलन की वजह से 6 डिग्री लुढ़ककर 14.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
कोहरे के चलते रोडवेज बसें भी देरी से गंतव्य पर पहुंच रही हैं। खासतौर पर दिल्ली, गुरुग्राम, चंडीगढ़ जैसे लंबे रूटों पर जाने वाली बसें प्रभावित हो रही हैं।
उपमंडल में सरकार के आदेशों के बाद भी निजी स्कूल खुले रहे। कोहरे के बावजूद शनिवार तक स्कूलों में कक्षाएं लगी। सबसे ज्यादा ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल खुले। शुक्रवार को खंड शिक्षा अधिकारी ने दिल्ली रोड पर तीन स्कूलों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान स्कूल खुले मिले थे। वहीं कई स्कूलों में छुट्टियों के बावजूद शिक्षकों को बुलाकर काम करवाया जा रहा था। शनिवार को स्कूलों में शिक्षकों की भी छुट्टियां कर दी गई। खंड शिक्षा अधिकारी जिले सिंह ने बताया कि शुक्रवार को दिल्ली रोड पर तीन स्कूल खुले होने की सूचना मिली थी। शनिवार को उनमें से एक स्कूल खुला रहा।