शहर में 22 किलोमीटर लंबी सीवर पाइपलाइनों की सफाई के लिए मंगलवार से काम शुरू होगा। 4 करोड़ 60 लाख रुपये से पहली बार इतनी लंबी लाइनों की सफाई कराई जा रही है। इन लाइनों की सफाई में हाई पावर सुपर सकर मशीन के अगले हिस्से में कैमरे होंगे, जिससे एजेंसी कर्मी बाहर से ही सीवर लाइन के अंदर के हिस्से को देख पाएंगे। पहले चरण में मिलगेट एरिया में 9 किलोमीटर की सफाई की जाएगी। करीब छह महीने में यह काम पूरा होगा। दूसरे चरण में 13 किलोमीटर लंबी छोटी लाइनों का काम होगा। करीब 15 दिन में यह काम शुरू होने की संभावना है।
सीवर लाइनों की बड़ी व आधुनिक मशीनों से सफाई कराने के लिए नगर निगम ने सितंबर महीने में टेंडर लगाया था। जिस पर अब काम शुरू हो रहा है। सीवर लाइनों की हाई पावर सुपर सकर मशीन से सफाई कराई जाएगी। इसमें सेक्टर 1-4 रायपुर रोड, मिलगेट रोड, सब्जी मंडी रोड, जहाजपुल, पड़ाव चौक, बरवाला चुंगी, ऑटो मार्केट, बस अड्डा होते हुए ऋषि नगर एसटीपी तक 400 एमएम से अधिक क्षमता वाली लाइन शामिल है।
इसके अलावा जहाजपुल से पुरानी सब्जी मंडी व कैंची चौक से मिर्जापुर चौक तक की सफाई की जाएगी। यह काम करीब छह महीने में पूरा किया जाएगा। इसमें पूरा मशीनरी उपलब्ध कराने से लेकर कचरा उठाने, मैनपावर उपलब्ध कराने का काम पूरा काम एजेंसी ही करेगी। कार्य पूरा होने के बाद शहर को सीवर जाम की समस्या से लंबे समय तक राहत मिलने के आसार हैं। कप्तान स्कूल रोड एरिया की सीवरेज की समस्या के निदान के लिए यहां आईपीएस चैंबर बनाया जाएगा। करीब 12 लाख रुपये खर्च कर यहां सीवर लाइनों में पानी को बूस्टिंग स्टेशन की तरह आगे फेंका जाएगा। इसके बाद यहां सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या का समाधान हो जाएगा। बारिश के पानी की निकासी के लिए हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सिरसा रोड वह बरवाला चुंगी से ऑटो मार्केट तक आरसीसी पाइपलाइन डाली जाएगी। जनस्वास्थ्य विभाग ने हाल ही में अर्बन एस्टेट के सीवर लाइनों की सफाई कराई है। इसके बाद अर्बन एस्टेट के साथ लगती एमसी-डीसी कालोनी में कुछ समय से राहत है।
सीवरेज की लाइनों के लिए 4.60 करोड़ रुपये खर्च कर सफाई कराई जा रही है। हाई पावर की मशीनों से लाइनों की सफाई होगी। इसमें सभी लाइनों को कैमरे की मदद से दिखाया जाएगा। जहां लाइन ब्लॉकेज मिलेगी उसका समाधान किया जाएगा। इतने व्यापक स्तर पर हाई पावर सुपर सकर मशीन से सफाई पहली बार हो रही है। हिसार जिले में हाई पावर सुपर सकर मशीन उपलब्ध नहीं है। इसलिए पंजाब से मशीन मंगवाई है। जरूरत के अनुसार कंपनी मेनुअल सफाई भी कराएगी। -जसबीर सिंह, एसडीओ, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, हिसार
सीवरेज की सबसे अधिक शिकायतें
इस समय शहर में सीवरेज की सबसे अधिक शिकायतें आ रही हैं। पिछले माह लोगों ने श्यामलाल ढाणी में सीवरेज की ओवरफ्लो लाइनों के लिए धरना देकर विरोध जताया था। नवदीप काॅलोनी, उत्तम नगर, महाबीर काॅलोनी, संत नगर, कुंजलाल गार्डन, शांति नगर, बैंक काॅलोनी, मॉडल टाउन, पटेल नगर सहित अन्य एरिया में सीवरेज की शिकायतें आती रहती हैं।