लोकल बस स्टैंड पर भरा सीवर का पानी। संवाद
हिसार। शहर में जनस्वास्थ्य विभाग की सीवरलाइन कई स्थानों पर खराब पड़ी है, जिस कारण कैमरी रोड के साथ ही ऋषिनगर रोड पर भी सीवर बार-बार बैक मार रहा है। कैमरी रोड पर सीवर निकासी के लिए महीनों से सड़क खोदकर मोटर चलाई जा रही है, लेकिन स्थायी समाधान अभी तक नहीं हो पाया।
इसी प्रकार रोडवेज परिसर में भी पिछले एक सप्ताह से जमा सीवर का पानी नहीं हट सका है। गंदे पानी के कारण यात्रियों के साथ-साथ रोडवेज डिपो के कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह रही कि सीवर भरने से कर्मचारी शौचालय तक नहीं पहुंच पा रहे थे। डिपो के पास रहने वाले स्थानीय लोग भी दुर्गंध और गंदे पानी की समस्या से परेशान हैं। उन्होंने कई बार शिकायतें भी दर्ज करवाईं।
रोडवेज प्रबंधन ने शौचालय की सफाई तो करवा दी है, लेकिन परिसर में फैला सीवर अब भी जस का तस है। परिसर का फर्श पक्का होने से पानी जमीन में नहीं समा रहा तथा धूप तेज न होने के कारण भाप बनकर उड़ने की प्रक्रिया भी धीमी है। नतीजतन हफ्तेभर से जमा पानी कम नहीं हो सका है।
रोडवेज कर्मचारी संगठन के प्रदेश उपप्रधान राजकुमार चौहान ने परिसर को तत्काल साफ करवाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समस्या जल्द दूर नहीं की गई तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा।