हिसार। सीआईए की पुलिस टीम ने एएलएम भर्ती में फर्जी परीक्षार्थी बैठाकर नकल की साजिश के मामले में सातवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कुलदीप निवासी बिठमड़ा के खिलाफ उकलाना थाने में आईपीसी की विभिन्न 420, 419, 467, 468, 471, 120बी और हरियाणा लोक परीक्षा अधिनयम के तहत 14 नवंबर 2021 को केस किया गया था।
सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी कुलदीप ने अपना एएलएम का पेपर पास करवाने के लिए रामफल शर्मा से आठ लाख रुपये में सौदा किया था। कुलदीप ने रामफल से कहा था कि अभी मेरे पास पैसे नहीं है और सिलेक्शन के बाद बैंक लोन करवाकर पैसे दे दूंगा। सौदा तय होने के बाद उसने एक रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो और एक कोरे कागज पर हस्ताक्षर कर रामफल शर्मा को दे दिए। रामफल शर्मा ने फॉर्म पर उसकी जगह पेपर देने के लिए चुने व्यक्ति की फोटो लगाकर आवेदन कर दिया। सीआईए हिसार की पुलिस टीम फर्जी परीक्षार्थी बैठा नकल की साजिश करने के मामले में छह आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। आरोपी कुलदीप से पूछताछ जारी है। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।