हिसार। निगमायुक्त नीरज ने बुधवार को हेल्थ सेनेटरी इंस्पेक्टर (एचएसआई) के साथ गीला व सूखा कचरा अलग-अलग एकत्रित करने के बारे में बैठक की। उन्होंने एचएसआई को निर्देश दिए कि वे घरों से गीला कचरा अलग से लें, क्योंकि जब गीला कचरे में अन्य कचरा मिला हुआ नहीं होगा, तभी इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि वे लोगों को समझाएं कि भविष्य में गीला व सूखा कचरा अलग-अलग देना अनिवार्य होगा। अगर कोई व्यक्ति ऐसा नहीं करता है तो उस पर जुर्माना किया जाएगा।
बैठक में निगमायुक्त ने एचएसआई से गीला व सूखा कचरा अलग-अलग एकत्रित करने में आ रही समस्याओं के बारे में पूछा। इस पर एचएसआई ने बताया कि कुछ लोग गीला कचरा एकदम अलग दे रहे हैं, जबकि कुछ लोग गीला कचरा अलग दे रहे हैं लेकिन उसमें थोड़ा अन्य कचरा भी मिलकर आ रहा है। यह सुनकर निगमायुक्त ने कहा कि जब तक गीला कचरा बिल्कुल अलग नहीं आता, तब तक उसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। आप लोगों को समझाए कि वे गीला व सूखा कचरा एकदम अलग-अलग करके ही गाड़ी में डालें। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि अभी करीब 5 टन गीला कचरा ही अलग होकर आ रहा है और इस कचरे का इस्तेमाल खाद बनाने में किया जा रहा है।