हिसार। नहरों में पानी आने के साथ ही शहर के जलघरों के वाटर टैंकों को भरने का काम शुरू हो गया है। इसके चलते लंबे समय से चल रही पेयजल कटौती से लोगों को राहत मिलने जा रही है। जनस्वास्थ्य विभाग के अनुसार महावीर कॉलोनी जलघर से जुड़े क्षेत्रों में वीरवार से पूरी पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। वहीं हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के अधीन आने वाले सेक्टरों में शुक्रवार से पूर्ण जल आपूर्ति बहाल होगी।
दरअसल, रेलवे विभाग की ओर से मरम्मत कार्य के चलते 14 से 28 दिसंबर तक नहरबंदी का शेड्यूल लिया गया था। नहरबंदी के कारण जनस्वास्थ्य विभाग और एचएसवीपी को पेयजल आपूर्ति में कटौती करनी पड़ी थी।
महावीर कॉलोनी जलघर से जुड़े क्षेत्रों में दो दिन पानी देने के बाद एक दिन सप्लाई बंद रखी जा रही थी। वहीं एचएसवीपी की ओर से सेक्टर 1 से 4 के जलघर से भी सीमित पेयजल आपूर्ति की जा रही थी। कटौती के चलते आखिरी छोर तक पानी पहुंचने में परेशानी हो रही थी। कई इलाकों में लोगों को टैंकरों से पानी खरीदकर अपनी जरूरतें पूरी करनी पड़ रही थीं।
जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ संजय दुहन ने बताया कि नहरों में पानी आ गया है और जलघरों के टैंक भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके चलते वीरवार से पेयजल कटौती समाप्त कर दी जाएगी। वहीं एचएसवीपी के एसडीओ अनूप बूरा ने बताया कि जिन सेक्टरों में पेयजल आपूर्ति कम की गई थी, वहां शुक्रवार से नियमित और पूरी सप्लाई दी जाएगी।