पानीपत में रेल में विस्फोट के बाद शनिवार को हिसार स्टेशन पर रेलों की सुरक्षा को जांचा गया। रेलवे पुलिस ने लोगों के सामान की तलाशी ली। गेट से लेकर प्लेटफार्म तक पुलिस की मुस्तैदी नजर आई। लोगों को सावधान रहने का संदेश भी दिया गया। डॉग स्कवायड के जरिए भी सुरक्षा जांची गई।
इसी सिलसिले में रेलवे के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सीआर कुमावत शनिवार को हिसार रेलवे जंक्शन पर पहुंचे। उन्होंने यहां सुरक्षा तथा सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों को सुरक्षा बेहतर करने का निर्देश दिया। शाम के समय ट्रेनों की सुरक्षा जांची गई।
उन्होंने कैंटीन एरिया की जांच की। यहां अधिकारियों को सफाई रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कैंटीन को स्वच्छ रखें। यहां डस्टबीन रखवाएं जिससे कचरा बाहर के हिस्सों में न फैले।
नियमित तौर पर यहां सफाई व्यवस्था की जांच की जाए। स्टेशन पर पशुओं की इंट्री रोकी जाए। खाने पीने का सामान खुले में कहीं पर न फैंका जाए। ऐसा होने से पशु व बंदर यहां पहुंचते हैं।
उन्होंने रेलवे के ट्रैक की जांच भी की। सुरक्षा व्यवस्था के लिए उन्होंने सीसीटीवी जांचे। अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सीसीटीवी चालू रखे जाएं।
संदिग्धों की तलाशी लेकर जांच करें। किसी ज्वलनशील पदार्थ को ट्रेन में न ले जाने दें। इस मौके पर रेलवे स्टेशन अधीक्षक निहाल सिंह, रेलवे पुलिस के अधिकारी उपस्थित थे।