हिसार। लोकसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने को लेकर मंडलायुक्त ओएसडी शालिनी चेतल की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला सभागार में बैठक हुई। इस दौरान लोकसभा चुनाव-2024 के दृष्टिगत सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों को वोटिंग प्रक्रिया, विधि-व्यवस्था संधारण आदि को लेकर प्रशिक्षण दिया गया।
उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान बताया कि सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस पदाधिकारी द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में जाकर गहन जांच पड़ताल करने के साथ-साथ विशेष रूप से वलनेरेबुल मैपिंग का कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही अपनी जांच रिपोर्ट प्रपत्र में भरकर जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा करवाएंगे। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस पदाधिकारी अपने पोलिंग स्टेशन में रैंप, सड़क की स्थिति, बिजली, पानी की व्यवस्था, महिला-पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था, भवन की स्थिति का मुआयना करना सुनिश्चित करेंगे ताकि मतदाता आसानी से मतदान केंद्र तक पहुंच सके।
ओएसडी शालिनी चेतल ने कहा कि मतदान के दौरान इसका ख्याल रखना है कि यदि कोई व्यक्ति कमजोर वर्ग के मतदाताओं को लालच जिसमें शराब, पैसा व अन्य तरह का प्रलोभन हो या उन पर दबाव बना रहा हो तो उस पर कार्रवाई करें। इस अवसर पर बरवाला एसडीएम विजया मलिक, हांसी एसडीएम मोहित महराणा, चुनाव तहसीलदार जगदीप मान आदि मौजूद रहे।