नारनौंद। खेड़ी चौपटा पुलिस चौकी की टीम ने गांव गुराना शराब ठेके पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। एएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित उर्फ भालू के रूप में हुई है। इससे पहले एक आरोपी प्रवीण उर्फ कालिया निवासी गुराना को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। खेड़ी चौपटा पुलिस चौकी में तैनात एएसआई महेंद्र ने बताया कि आरोपी ने 17 अगस्त की रात करीब 10:35 बजे ठेके में पेट्रोल छिड़ककर आगजनी की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मंगलवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
रविवार देर रात हुई इस घटना में ठेके के अंदर रखी 30-40 हजार रुपये नकदी, हिसाब-किताब का रजिस्टर और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया था। ठेके पर बतौर सेल्समैन काम कर रहे उल्लास निवासी सिसाय ने किसी तरह अपनी जान बचाई थी। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। जींद जिले के गांव पालवा निवासी ठेकेदार अमित के अनुसार उसने मोर कंपनी के मालिक प्रवेश मोर से 2025 से 2027 तक का ठेका लिया हुआ है और खुद इसका संचालन करता है।