माई सिटी रिपोर्टर
हिसार। शहर के सबसे पॉश एरिया सेक्टर 14 पार्ट टू में पार्कों को विकसित किए जाने की फिर से उम्मीद जगी है। पार्कों का काम शुरू करने से पहले मंजूरी की फाइल चीफ इंजीनियर के पास पहुंच गई है। अधिकारी की मंजूरी मिलते ही एजेंसी काम शुरू कर देगी।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की तरफ से पहली बार टेंडर लगाने पर एक भी एजेंसी ने आवेदन नहीं किया था। वहीं दूसरी दफा टेंडर लगाने पर सबसे कम रेट भरने वाली एजेंसी को मोलभाव के लिए बुलाया गया, लेकिन वह एजेंसी नहीं आई। अब अधिकारियों ने तीसरा बार यह टेंडर लगाया था। एजेंसी के साथ भी मोलभाव भी हो गया था लेकिन चीफ इंजीनियर ने तकनीकी कारणों की वजह से टेंडर को रद्द कर दिया था। इस कारण से अधिकारियों को चौथी बार टेंडर लगाना पड़ा।
-
2 साल से टेंडर लगाने की प्रक्रिया जारी
एचएसवीपी ने सेक्टर 14 पार्ट टू के 6 पार्कों को विकसित करने के लिए सितंबर 2023 में करीब 1.43 करोड़ रुपये का एस्टीमेट मंजूर किया था। मगर तब से आज तक टेंडर ही सिरे नहीं चढ़ सका। टेंडर के तहत इन पार्कों की ग्रिल के साथ चहारदीवारी और घूमने वाले गेट लगाने का कार्य किया जाएगा। कार्य पूरा होने के तीन साल तक ठेका लेने वाली एजेंसी को इसका निशुल्क रखरखाव भी करना होगा। एजेंसी को चार माह में इस कार्य को पूरा करना होगा। इन पार्कों को विकसित करने पर करीब 70.92 लाख रुपये की लागत आएगी।
सेक्टरवासी 7 साल से कर रहे इंतजार
वर्ष 2017 में सेक्टर-14 पार्ट टू के प्लॉटों का मालिकाना हक प्लॉटधारकों को दिया था। विभाग की तरफ से सेक्टर में छह पार्कों का प्रावधान किया गया है। मगर 7 साल बाद तक भी सेक्टर का एक भी पार्क विकसित नहीं किया गया। यहीं नहीं विभाग ने पार्क के सामने वाले प्लॉटधारकों से पार्क का अतिरिक्त शुल्क भी वसूला था। सेक्टरवासी लंबे समय से इन पार्कों को विकसित करने की मांग कर रहे थे। इसे लेकर वह मंत्री व विधायकों से भी मिल चुके थे।
एजेंसी से मोलभाव हो गया है। अब टेंडर अलॉटमेंट के लिए फाइल चीफ इंजीनियर के पास भेज दी गई है। वहां से मंजूरी मिलते ही एजेंसी को टेंडर अलॉट कर दिया जाएगा जिसके बाद एजेंसी काम शुरू कर देगी।
- निधि भारद्वाज, एक्ससईएन, एचएसवीपी।
7 साल से सेक्टरवासी पार्कों के लिए इंतजार कर रहे हैं। अधिकारियों से मांग है कि जल्द से जल्द पार्कों को विकसित किया जाए।
- प्रवीण सिंघल, सरंक्षक, आरडब्ल्यूए, सेक्टर 14 पार्ट टू।