नारनौंद। गांव कोथ कलां में शनिवार को सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 19 विभागों की ओर से स्टॉल, हेल्प डेस्क और काउंसलिंग टेबल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं एवं जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी दी गई।
शिविर में 251 लोगों ने विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली। एसडीएम विकास यादव ने शिविर में लगाई गई स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
एसडीएम विकास यादव ने कहा कि सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से गरीब, जरूरतमंद और पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। इन शिविरों में लोगों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाओं और योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है। शिविरों का उद्देश्य पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या को गंभीरता से सुनें। इस अवसर पर बीडीपीओ अशोक मेहरा, सरपंच महासिंह, सरपंच प्रतिनिधि अनिल, सिसाय मंडल अध्यक्ष देवेंद्र बूरा,रवि संधू मौजूद रहे।