लुवास में जमीन मामले को लेकर चल रही रस्साकसी के बीच लुवास्ता के ज्वाइंट सेक्रेटरी एवं वैज्ञानिक डॉ. संदीप गुप्ता को सस्पेंड कर दिया गया है। कुलपति मेजर जनरल श्रीकांत शर्मा ने मंगलवार को डॉ. गुप्ता के सस्पेंड ऑर्डर जारी किए। इसके बाद लुवास विश्वविद्यालय में हड़कंप मच गया है। वहीं लुवास्ता प्रेसिडेंट डॉ. जगवीर रावत ने ऑर्डर को लेकर वीसी पर मनमानी करने का आरोप लगाया है।
लुवास में पिछले दो हफ्तों से जमीनी मामले को लेकर सामने आए विवाद के बाद कुलपति द्वारा की गई यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले वेटरनिरी मेडिसन विभाग के प्रोफेसर डॉ. युद्धवीर राणा का ट्रांसफर करनाल के उचानी सेंटर पर कर दिया गया था। अब डॉ. संदीप गुप्ता को सस्पेंड कर दिया गया है। डॉ. गुप्ता विश्वविद्यालय के वेटरनिरी फिजियोलॉजी एंड बायोकेमिस्ट्री विभाग में पिछले सात वर्षों से वैज्ञानिक हैं।
सूत्रों के अनुसार डॉ. गुप्ता को डॉ. एनके महाजन के बारे में दी गई किसी शिकायत के विरोध में सस्पेंड किया गया है। मामले के बारे में जानना चाहा गया तो विभाग के एचओडी समेत सभी अधिकारियों ने चुप्पी साध ली है। कुलपति और कुलसचिव से मामले को लेकर कई बार बात करने की कोशिश की गई, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया।
लुवास्ता प्रेसिडेंट ने लिखा चीफ सेक्रेटरी को पत्र
लुवास्ता के प्रेसिडेंट ने खबर को पुख्ता बताते हुए सस्पेंड ऑर्डर को कुलपति की मनमानी करार दिया। उन्होंने बताया कि डॉ. गुप्ता को सस्पेंड करने के बाद उन्होंने चीफ सेक्रेटरी, प्रिंसिपल सेक्रेटरी डॉ. अभिलक्ष लिखी सहित रजिस्ट्रार को पत्र लिख दिया है। जिसमें उन्होंने कुलपति पर गंभीर आरोप लगाए हुए सरकार से बर्खास्त करने में देरी न करने की मांग की है।
जमीन प्रस्ताव मामले पर यह रार
दस अगस्त को जमीन मामले को लेकर हुई एक मीटिंग के बाद लुवास के कुलपति मेजर जनरल श्रीकांत शर्मा और लुवास्ता के प्रेसिडेंट के बीच ठन गई थी। इसके बाद लुवास्ता के प्रेसिडेंट डॉ. जगवीर रावत ने कुलपति को बर्खास्त करने की मांग की थी। इसके बाद लुवास्ता के सचिव अशोक मलिक और कुछ अन्य प्रोफेसर्स भी पूरी तरह से लुवास्ता के प्रेसिडेंट के खिलाफ हो गए थे, जिससे लुवास्ता में दो फाड़ हो गई थी। इस बीच कुलपति ने डॉ. युद्धबीर का तबादला कर दिया, जिसके बाद डॉ. जगवीर ने कुलपति और लुवास्ता के सचिव पर गठजोड़ कर हिंसा फैलाने की कोशिश करने का आरोप लगाया था।
20 अगस्त को लुवास्ता सचिव ने कार्यकारिणी की एक मीटिंग बुलाई, जिसमें प्रेजिडेंट को पद से हटाने के लिए 26 अगस्त के दिन वोटिंग निर्धारित की गई। सबकी निगाहें 26 अगस्त पर थी कि इससे पहले मंगलवार को लुवास्ता प्रेसिडेंट के नजदीकी माने जाने वाले वैज्ञानिक डॉ. संदीप गुप्ता को सस्पेंड कर दिया गया। हालांकि लुुवास्ता प्रेसिडेंट डॉ. युद्धवीर और डॉ. गुप्ता सहित पांच लोगों पर कार्रवाई का खतरा पहले ही जता चुके थे।