नारनौंद। लोहारी राघो गांव में वीरवार की दोपहर बाद आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल की बस में शॉर्टसर्किट के कारण आग लग गई। आग लगते ही बच्चे सहम गए। चालक ने बस को जैसे ही स्टार्ट किया, उसी समय अचानक कुछ ही सेकंड में बस के इंजन वाले हिस्से से धुआं उठने लगा। सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई थी। वहां से आग की लपटे निकलने पर बस आग की चपेट में आ गई। गनीमत है कि चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस से सभी छात्रों को सुरक्षित निकाल लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि निजी स्कूल में अवकाश हो गया था। इसके बाद बच्चे अपने घर जाने के लिए निकले और बस में सवार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि देखते ही देखते स्कूल बस में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि लोग घबरा गए। गर्मी और धुएं के कारण आसपास के लोगों में भी अफरातफरी का माहौल बन गया था।
सभी छात्रों को निकाला सुरक्षित
कुछ शिक्षक और स्टाफ भी दौड़कर मौके पर पहुंचे और सभी को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। छात्रों में से किसी को खरोंच तक नहीं आई।बस चालक भी सुरक्षित है। मौके पर मौजूद लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इससे पहले सूझबूझ दिखा चालक ने तुरंत बस के दरवाजे खोले और सभी छात्रों को तेजी से बाहर निकाल दिया।