पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह द्वारा अनुसूचित समुदाय के बारे में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में अनुसूचित जाति आयोग ने दोबारा एसपी लोकेंद्र सिंह को नोटिस जारी किया है। शिकायतकर्ता रजत कलसन ने बताया कि आयोग ने युवराज सिंह के खिलाफ शिकायत पर कार्रवाई की एक्शन टेकन रिपोर्ट 5 दिन के अंदर मांगी है।
गौरतलब है कि आयोग ने इससे पहले अधिवक्ता रजत कलसन की शिकायत पर 24 जून को हांसी के पुलिस अधीक्षक से 15 दिन के अंदर जवाब मांगा था, लेकिन पुलिस ने इस बारे में आज तक आयोग को कोई रिपोर्ट नहीं भेजी है।
कलसन ने कहा कि आयोग ने अपने नोटिस में कहा है कि अगर तय समय के अंदर एसपी हांसी ने फिर अपनी रिपोर्ट नहीं भेजी तो संविधान के अनुच्छेद 338 के तहत प्रदत्त अपनी शक्तियों का प्रयोग कर एसपी हांसी को अपने कार्यालय में तलब कर आगामी कार्रवाई करेगा।
अधिवक्ता रजत ने क्रिकेटर युवराज सिंह के खिलाफ 2 जून को शिकायत दी थी, जिसमें उन्होंने युवराज सिंह द्वारा अनुसूचित समाज के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की थी।