हिसार। सेक्टर 16-17 आरडब्ल्यूए के प्रधान इंद्र सिंह मलिक व महासचिव धर्मपाल कालीरामण के नेतृत्व में शनिवार को सेक्टर में नगर निगम के सहयोग से विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
एसोसिएशन के प्रधान इंद्र सिंह मलिक ने बताया कि सफाई अभियान के तहत सेक्टर के रोड और सेक्टर के विभिन्न पॉकेट से कचरा उठवाया गया। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन प्रतिनिधिमंडल कुछ दिन पहले नगर निगम आयुक्त नीरज कुमार से मिला था और उनको सेक्टर में सफाई व्यवस्था ठप होने के बारे में अवगत करवाते हुए विशेष सफाई अभियान चलने का अनुरोध किया था। एसोसिएशन की मांग पर निगम प्रशासन द्वारा सफाई अभियान चलाया गया।
उन्होंने बताया कि सफाई अभियान के दौरान सेक्टर के चौक के आसपास से झाड़ियों को साफ करवाया गया, ताकि इनके कारण होने वाले हादसों को रोका जा सके। इस मौके पर वरिष्ठ उप प्रधान डॉ. हरिशचंद्र, सचिव वजीर सिवाच, कोषाध्यक्ष चरण सिंह सिवाच, संगठन सचिव मनोज सैनी, प्रेस सचिव तिलक मेहता आदि मौजूद रहे। संवाद