रोहतक के जिला विकास भवन के पास सिंचाई विभाग में बने मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन अंदर ले जाने को लेकर हंगामा हो गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसके ऊपर आपत्ति जताई। सूचना पाकर बार के पूर्व प्रधान लोकेंद्र फौगाट उर्फ जोजो कांग्रेस प्रत्याशी भारत भूषण बतरा की तरफ से मतदान केंद्र पर पहुंचे और पुलिस व मतदान केंद्र के अधिकारियों से बात की। जोजो ने बताया कि मतदान केंद्र के अधिकारियों ने कहा है कि गलती से एक बच्चा मोबाइल ले आया था। जरूरत पड़ी तो वे आयोग में शिकायत दर्ज करवाएंगे। बाकी मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है।
नूंह के चंदेनी गांव में बूथ के पास कांग्रेस और इनेलो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच पथराव हुआ। मामला शांत करवाकर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं मेवात के गांव ख्वाजली कला में फर्जी वोट को लेकर विवाद में कई लोग चोटिल हो गए। बूथ नंबर एक पर झगड़ा हुआ था।
इंद्री विधानसभा के गांव हलवाना में मतदान के दौरान भाजपा और कांग्रेस समर्थकों के बीच गहमागहमी की स्थिति पैदा हो गई। बूथ पर बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी राकेश कांबोज एक व्यक्ति को बूथ से बाहर जाने का आदेश देते दिख रहे हैं। वहीं, दूसरा व्यक्ति कह रहा है कि वह वोट डालने आया है और वोट डालकर ही जाएगा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि राकेश कांबोज के साथ आए भाजपा समर्थकों ने नारेबाजी करके माहौल को खराब किया। दूसरी तरफ, राकेश कांबोज के समर्थकों का दावा है कि एक व्यक्ति बूथ पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहा था, और राकेश उसे बाहर जाने के लिए कह रहे थे।
इस बीच, खेड़ी मान सिंह गांव में एक दलित युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में पीड़ित युवक ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उस पर कांग्रेस के पक्ष में वोट डालने का दबाव बना रहे थे। जब उसने मना किया, तो उसके साथ मारपीट की गई। युवक ने अपना मेडीकल करवाकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
लोहारू में भाजपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री जेपी दलाल की कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के साथ तीखी नोंक-झोंक हो गई। चुनावी माहौल के बीच यह घटना उस समय हुई जब जेपी दलाल एक मतदान केंद्र का दौरा करने पहुंचे थे।
नारनौंद विधानसभा क्षेत्र के गांव डाटा के बूथ नंबर 69 पर आज फर्जी मतदान को लेकर दो पक्षों में झड़प हो गई, जिसमें कुछ लोगों को हल्की चोटें भी आई हैं। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर फर्जी वोट डलवाने के आरोप लगे हैं, जिसके चलते विवाद शुरू हुआ।
घटना तब हुई जब कुछ लोग फर्जी मतदान का वीडियो बनाने लगे, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क उठे। इसी बीच, इनेलो के बूथ एजेंट कुलदीप ने माहौल शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई।
घटना के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई, लेकिन स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया। घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार दिया गया है, और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी चिरंजीव राव के पिता, कैप्टन अजय सिंह यादव, एक विवादित वीडियो के कारण सुर्खियों में हैं। वीडियो में कैप्टन अजय एक बुजुर्ग व्यक्ति को गाली देते हुए और उन्हें उठाने की धमकी देते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह घटना आज गाँव लिसाना में हुई, जहां कैप्टन अजय की यह अभद्रता ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बन गई है।
कैप्टन अजय सिंह यादव, जो रेवाड़ी विधानसभा से छह बार विधायक रह चुके हैं और पूर्व मंत्री भी रह चुके हैं, इस समय ओबीसी सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। इस प्रकार की अभद्रता उनके राजनीतिक करियर पर सवाल खड़े कर सकती है, खासकर चुनावों के नज़दीक।
वीडियो के वायरल होने के बाद, स्थानीय राजनीति में हलचल मच गई है, और लोगों में कैप्टन अजय के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है। कांग्रेस पार्टी को इस विवाद का सामना करना पड़ सकता है, जबकि उनके समर्थकों में भी इस घटना को लेकर आक्रोश है।